गुरु पूर्णिमा पर श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में गुरु सम्मान एवं गुरु पूजन का भव्य आयोजन

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु सम्मान एवं गुरु पूजन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं का तिलक कर उन्हें पुष्प अर्पित किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रभावशाली भाषण एवं भावपूर्ण कविता-पाठ प्रस्तुत कर गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने अपने उद्बोधन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से जीवन में सदैव अपने गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों के भी संवाहक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करते हुए सदैव अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना एवं सभी गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!