विधानसभा अध्यक्ष ने दी सौगात

दशकों बाद मिली सड़कगांव वाले खुशअब बुजुर्ग भी मंदिर तक जा सकेंगे

खरेकड़ी में एक करोड़ की लागत से बनी बाबा रामदेव मंदिर तक सड़क

     अजमेर, 29 जुलाई। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के खरेकड़ी गांव के लोगों का दशकों पुराना सपना साकार हुआ। गांव से ऊंचाई की ओर बाबा रामदेव मंदिर तक एक करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित की।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने खरेकड़ी गांव में डीएमएफटी फंड से एक करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। यह सड़क बनने से अब बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और बच्चे भी निर्बाध मंदिर तक जा सकेंगे। खरेकड़ी गांव में दशकों से इस सड़क की मांग बनी हुई थी।

     इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया और वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करने पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। रामदेव बाबा मंदिर नवयुवक मंडल द्वारा श्री देवनानी फूलों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने श्री देवनानी का जेसीबी से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझना और उनका समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खरेकड़ी गांव के लोगों की यह मांग काफी समय से लंबित थी। ग्रामीणों ने मंदिर तक जाने के लिए पक्की सड़क की आवश्यकता जताई थी, क्योंकि मंदिर ऊंचाई पर होने के कारण वहां तक पहुंचना काफी कठिन था।

     उन्होंने कहा कि अब सड़क बनने के बाद गांव के बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और बच्चे भी आसानी से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। इससे न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि गांव के समग्र विकास में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और क्षेत्र में आवश्यकतानुसार विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

     श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। हैं। शिक्षा के क्षेत्र में ऎतिहासिक कदम उठाते हुए 20 करोड़ रुपए की लागत से हाथी खेड़ा में एक बालिका सैनिक स्कूल बन रहा है। वरुणसागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार के लिए करोड़ों रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। बोराज तालाब की पाल का निर्माण कराया जा रहा है। युवाओं के रोजगार हेतु आईटी पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 3 प्रमुख कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी आकार ले रहा है।

     उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अजमेर मेडिकल कॉलेज में 240 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। लेपर्ड सफारी पार्क, साइंस पार्क, मल्टीपर्पज स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर, शिक्षण संस्थान से जुड़े कई कार्य अजमेर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।

     इस अवसर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!