ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, नियमों तथा संस्थान के मूल्यों से परिचित कराना था, ताकि वे अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रकोष्ठों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें एनसीसी , एनएसएस , रेड रिबन क्लब, खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक मंच “झंकार”, एंटी रैगिंग क्लब, स्कालरशिप, समाज कल्याण विभाग, मुख्यमंत्री छात्रवृति योजना सहित विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों से अवगत कराया गया। साथ ही महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, छात्रा कल्याण योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय मात्र डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों को विकसित करने का सशक्त मंच है। छात्राएँ शिक्षा के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ें तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएँ।
कार्यक्रम में वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि संस्कार, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नागरिक तैयार करना है। छात्राएँ महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध प्रत्येक अवसर का लाभ उठाएँ, अपने कौशल का विकास करें तथा जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करें।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें महाविद्यालय परिवार की ओर से उज्ज्वल एवं सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।