महाराजा दाहरसेन की जयंती के अवसर पर प्रथम अखिल भारतीय कमांडो निर्मल सिंह स्मृति राइफल शूटिंग 4 से

देशभर के 1000 से अधिक युवा शूटर लेंगे भाग,
विजेताओं को दिए जाएंगे आकर्षक नगद पुरस्कार
अजमेर, महाराजा दाहरसेन की 1357वीं जयंती के अवसर पर प्रथम अखिल भारतीय कमांडो निर्मल सिंह स्मृति राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 7 अगस्त तक अंबेडकर भवन, चन्द्रवरदाई नगर, अजमेर में करणी स्पोर्ट्स शूटिंग एवं एडवेंचर अकादमी द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर से 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं तथा पुरुष एवं महिला शूटर भाग लेंगे।
आयोजन समिति के कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली शूटर भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान राइफल शूटिंग एसोसिएशन एवं अखिल भारतीय राइफल शूटिंग महासंघ से संबद्ध नियमों के अनुसार किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी विनीत लोहिया ने बताया कि करणी स्पोर्ट्स शूटिंग एवं एडवेंचर अकादमी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग सुविधाएं एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे शूटर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि कमांडो निर्मल सिंह राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट शूटर रहे तथा पिछले कई वर्षों से राजस्थान के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षण प्रदान कर रहे थे। उनके असामयिक निधन से प्रदेश ने एक कुशल प्रशिक्षक को खो दिया। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं करणी स्पोर्ट्स शूटिंग एवं एडवेंचर अकादमी के निदेशक हिम्मत सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। इसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों के शूटर अजमेर पहुंचेंगे।
राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शूटर को रूपए 11,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को रूपए 7,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को रूपए 5,000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विजेताओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए आयोजन समिति द्वारा आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
कंवल प्रकाश किशनानी मो.- 9829070059

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!