महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने गोदित गांवों नेडालिया एवं होकरा में सघन वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

नेडालिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित हुआ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम

अजमेर, 31 जुलाई।

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के गोदित गांव नेडालिया एवं होकरा में सघन वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम चरण में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा नेडालिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र ने राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम को रवाना करते हुए कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है। वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी दायित्व निभाना चाहिए।”

नेडालिया पहुंचने पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अब्दुल वाहिद खान ने विश्वविद्यालय की टीम का स्वागत किया। उनके नेतृत्व में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सच्चे अर्थों में राष्ट्र सेवा है। हर लगाया गया पौधा पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव जीवन को भी समृद्ध बनाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को अधिकाधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया तथा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शोधार्थी पंकज, दिनेश, विकास, धर्मेन्द्र सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!