मॉनसून में मोटर बीमा क्लेम करने के लिए कुछ सावधानियां आवश्यक: इफको-टोकिओ

मानसून के मौसम में भारी बारिश, जल-जमाव, बाढ़ और कम विजिबिलिटी (साफ  न दिखना) के कारण दुर्घटनाओं और गाड़ी के नुकसान के कारण मोटर बीमा क्लेम काफी बढ़ जाते हैं। लेकिन क्लेम फाइल करने से पहले अगर सावधानियां नहीं बरतीं तो क्लेम में देरी के साथ उन्हें रिजेक्ट भी किया जा सकता।  विशेषज्ञों के अनुसार कुछ साधारण से कदम उठाकर इस स्थिति से बचा जा सकता है।

इफको-टोकिओ जीआईसी के मोटर बीमा विशेषज्ञ के अनुसार सबसे जरूरी है यह पक्का करना कि आपकी गाड़ी मानसून के लिए तैयार है। पहले ही जांच लें कि टायरों में सही ट्रेड (ग्रिप) है, ब्रेक ठीक से काम कर रहे हैं, वाइपर अच्छी हालत में हैं और सभी लाइटें चालू हैं। ये आसान जांच सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाती हैं और भारी बारिश के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम करती हैं।

गाड़ी को सुरक्षित जगह पर पार्क करना भी उतना ही जरूरी है। निचले या बाढ़-संभावित इलाकों में पार्क करने से बचें जहां पानी जमा हो सकता है। इंजन या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में पानी घुसने से भारी नुकसान हो सकता है। तूफान के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे पार्क करने से बचें, क्योंकि गिरती हुई टहनियां या बिजली के तार आपकी गाड़ी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

इफको टोकिओ जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के विशेषज्ञ ने आगाह करते हुए बताया, “गाड़ी चलाने वाले अक्सर पानी से भरी सड़कों पर गाड़ी चलाने की कोशिश करते हैं, जो एक आम गलती है। यह न केवल सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि अगर इंजन में पानी चला जाए तो इंजन खराब भी हो सकता है, जिसे ‘हाइड्रोस्टैटिक लॉक’ कहा जाता है। अगर आपकी गाड़ी पानी में बंद हो जाए, तो उसे दोबारा चालू करने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे नुकसान और बढ़ सकता है। इसके बजाय अपनी बीमा कंपनी या रोडसाइड असिस्टेंस प्रोवाइडर से संपर्क करें और गाड़ी को अधिकृत वर्कशॉप में टो (tow) करवा कर ले जाएं। अगर लापरवाही साबित होती है, तो पानी से खराब हुए इंजन को दोबारा चालू करने से क्लेम मिलने पर भी असर पड़ सकता है।”

साथ ही उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सावधानी से गाड़ी चलाएं। दूसरी गाड़ियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, अचानक ब्रेक लगाने या ओवरटेक करने से बचें और रफ्तार कम रखें, खासकर उन सड़कों पर जहां विजिबिलिटी कम हो। बारिश का पानी अक्सर गड्ढों और खुले नालों को छिपा देता है, इसलिए सावधानी से गाड़ी चलाना बेहद जरूरी है।

अपनी बीमा पॉलिसी को समझना भी उतना ही आवश्यक है। बारिश के मौसम से पहले अपने मोटर बीमा कवरेज की समीक्षा करें और इंजन प्रोटेक्ट कवर, जीरो डेप्रिसिएशन कवर और रोडसाइड असिस्टेंस जैसे ऐड-ऑन पर विचार करें। हो सकता है कि स्टैंडर्ड कॉम्प्रिहेन्सिव पॉलिसी में पानी घुसने से होने वाले कुछ खास तरह के इंजन नुकसान कवर न हों, जबकि इंजन प्रोटेक्ट ऐड-ऑन कीमती आर्थिक सुरक्षा दे सकता है।

अगर आपकी गाड़ी को नुकसान पहुंचता है, तो तुरंत अपनी बीमा कंपनी को सूचित करें और सर्वेयर के निरीक्षण से पहले मरम्मत न करवाएं, जब तक कि विशेष रूप से अनुमति न दी गई हो।

मानसून का मतलब महंगी मरम्मत या क्लेम से जुड़े विवाद नहीं होने चाहिए। गाड़ी की सही देखभाल, सुरक्षित ड्राइविंग, समय पर क्लेम की जानकारी देने और सही बीमा कवरेज के साथ आप बारिश के मौसम में अपने वाहन और गाढ़ी कमाई दोनों को सुरक्षित रख सकते हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!