पंचायत एवं निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर जयपुर में प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

अजमेर नगर निगम चुनाव की तैयारियों की डॉ. राजकुमार जयपाल ने दी विस्तृत जानकारी, जल्द जारी होगी कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची

जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक जयपुर में आयोजित की गई। बैठक राजस्थान कांग्रेस प्रभारी रंधावा जी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जी के नेतृत्व में हुई। बैठक में प्रदेशभर के जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों एवं प्रभारियों को आमंत्रित कर संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सभी जिलों से संगठन द्वारा पंचायत एवं निकाय चुनाव को लेकर अब तक की गई तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, संभावित प्रत्याशियों की स्थिति तथा चुनावी रणनीति के संबंध में जानकारी ली गई। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों से जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती और चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया।

अजमेर नगर निगम चुनाव की तैयारियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की संपूर्ण जानकारी अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं राजस्थान कांग्रेस प्रभारी रंधावा जी के समक्ष तथ्यों के साथ प्रस्तुत की। डॉ. जयपाल ने अजमेर नगर निगम के सभी वार्डों में संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, संभावित प्रत्याशियों एवं चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जल्द ही जारी किए जाने की संभावना है।

शैलेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नगर निगम चुनाव को लेकर भारी उत्साह है। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस चुनाव मैदान में मजबूती से उतरेगी। प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार अजमेर शहर में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने का कार्य जारी है।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!