उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ सम्मानित
उत्तर-पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल कार्यालय के सभागार में टिकट चेकिंग कार्य प्रदर्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री योगेंद्र कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री राजकुमार स्वर्णकार व श्री राजकुमार उधवानी सहित वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं टिकट चेकिंग कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंडल में राजस्व अर्जन, बिना टिकट यात्रा की रोकथाम तथा चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर समीक्षा की गई। इस अवसर पर माह जुलाई 2026 में टिकट चेकिंग के निर्धारित लक्ष्यों को उत्कृष्टता से प्राप्त करने तथा सराहनीय राजस्व अर्जित करने वाले शीर्ष टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
माह जुलाई 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित स्टाफ में श्री नसरुल आबिदीन (डीसीटीआई, अजमेर), श्री जितेंद्र गुर्जर (सीटीआई, अजमेर), श्री देवीलाल (सीटीआई, मारवाड़ जंक्शन), श्री विक्रम सिंह (सीटीआई, आबू रोड) एवं श्री दिलीप कुमार (सीटीआई, उदयपुर सिटी) शामिल हैं।
मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने सम्मानित स्टाफ के समर्पण की सराहना करते हुए समस्त टिकट चेकिंग दल को भविष्य में भी इसी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर