राधा अष्टमी पर होगी ‘श्री राधा बनो’ प्रतियोगिता, 50 से अधिक स्टॉलों पर महिला उद्यमियों के उत्पाद होंगे उपलब्ध
अजमेर, 17 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर की ओर से महिला स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 19 सितंबर 2026 को होटल मानसिंह पैलेस, वैशाली नगर में भव्य परिधान प्रदर्शनी एवं सेल का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन सुबह 10:15 बजे आमंत्रित अतिथियों द्वारा किया जाएगा।
महिला अध्यक्ष वर्षा फतेहपुरिया ने बताया कि प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें विभिन्न प्रकार के परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, हस्तनिर्मित उत्पाद एवं अन्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य घर से व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को अपने उत्पाद और प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि राधा अष्टमी के पावन अवसर पर प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में विशेष आकर्षण के रूप में ‘श्री राधा बनो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता एवं अन्य कार्यक्रम शाम 4 बजे से 7 बजे तक होंगे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। साथ ही, प्रदर्शनी के माध्यम से शहरवासियों को एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित इस पहल से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने, नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने तथा अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। संगठन ने शहरवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।
उमेश गर्ग
जिला महामंत्री
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर