विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निःशुल्क सेवाएं, अंदरकोट में सुबह से रही लोगों की भीड़
अजमेर। गांधी जयंती के अवसर पर मुस्लिम वेलफेयर एंड एजुकेशन समिति, अजमेर की ओर से शुक्रवार को मदरसा, अंदरकोट में आयोजित विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 450 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में हृदय, फेफड़ा एवं श्वास, ईएनटी, चर्म रोग, एलर्जी, न्यूरोसाइकियाट्री तथा हड्डी एवं स्पाइन सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
समिति के सचिव मुबारक खान ने बताया की शिविर का आयोजन गांधी जयंती के अवसर पर “एक कदम स्वस्थ भारत की ओर” की भावना के साथ किया गया है । सुबह से ही शिविर स्थल पर लोगों की अच्छी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और स्वास्थ्य जांच करवाई।
उन्होंने बताया कि शिविर में Park Hospital, Jaipur, से डॉ. मंसूर अहमद DM (Cardiologist), अजमेर से डॉ. मुकेश गोयल, फेफड़ा एवं श्वास रोग विशेषज्ञ, डॉ. सुदीप चौधरी, ईएनटी विशेषज्ञ, डॉ. निमित दुबे, चर्म रोग एवं एलर्जी विशेषज्ञ तथा डॉ. नितिन सनाढ्य, जॉइंट रिप्लेसमेंट एवं स्पाइन सर्जन ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके साथ ही डॉ. इमरान खान, Neuropsychiatrist, रेलवे हॉस्पिटल, अजमेर द्वारा भी विशेष सेवा प्रदान की गयी। वहीं जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर के STI विभाग की परामर्शदाता तबस्सुम बानो तथा ने भी मरीजों को परामर्श दिया।
एक ही स्थान पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह
आयोजकों के अनुसार शिविर में अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श लेने का अवसर मिला। करीब 450 लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर से पूर्व शुगर जांच के लिए आने वाले लोगों को खाली पेट आने तथा पुराने मेडिकल पर्चे एवं जांच रिपोर्ट साथ लाने के लिए भी जागरूक किया गया था।
कैंप में आये रोगियों ने लिया विभिन्न फ्री जांचो का फायदा
समिति के सचिव मुबारक खान ने बताया की कैंप में शुगर, बीपी, ई.सी.जी , एच.आई. वी., हेपिटाटिस बी, यूरिक एसिड, स्पाइरोमेट्री टेस्ट, सिफिलिस, दूरबीन से ई.एन. टी. की जांचे शिविर स्थल पर ही निशुल्क की गयी।
24 वर्षों से शिक्षा के साथ जनसेवा की दिशा में प्रयास
समिति के सचिव मुबारक खान ने बताया कि मुस्लिम वेलफेयर एंड एजुकेशन समिति पिछले करीब 24 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। समिति शिक्षा के साथ सामाजिक एवं जन कल्याण से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।
समिति पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्थाएं
शिविर के सफल आयोजन में समिति के संरक्षक यू.डी. खान, अध्यक्ष सैयद रब नवाज जाफरी एवं सचिव मुबारक खान के मार्गदर्शन में आयोजन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही मेडिकल में महासचिव अकरम सिद्दीकी, उपाध्यक्ष शकिल अब्बासी, समिति के सदस्य नवेद चिश्ती, आई.ए. सिद्दीकी, शमशुद दुहा, सैयद हामिद अली, सैयद मंसूर अली, डॉ. राशिद खान, अब्दुल सलाम, फाईज गनी सहित समिति के अन्य सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
शिविर में आये डॉक्टर्स का किया सम्मान
समिति द्वारा आयोजित स्वास्थ शिविर मेंभाग लेने आये सभी डॉक्टर को सम्मान किया गया अवसर पर वार्ड नंबर 13 एवं 14 के पार्षद रेहान खान एवं अज़हर खान भी मौजूद रहे और सभी डॉक्टरों को शाल उढ़ा कर उनका स्वागत किया। अंत में बाहर से आए चिकित्सकों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मान किया गया। चिकित्सा कर्मचारियों का स्वागत किया और समिति की ओर से आयोजित जनहितकारी पहल की सराहना की।
भविष्य में भी जारी रहेंगे जनहितकारी कार्यक्रम
शिविर के सफल आयोजन पर समिति के सचिव मुबारक खान की ओर से सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मचारियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं शिविर में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि समिति द्वारा चिकित्सा के क्षेत्र एवं जनकल्याण से सम्बंधित आयोजन होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
“शिक्षित समाज, स्वस्थ समाज, समृद्ध समाज” के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर ने गांधी जयंती के अवसर पर जनसेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।