*एसीजेएम-1 आशीष बैंदाड़ा ने दिए आदेश, 31 अक्टूबर को अगली पेशी*
केकड़ी (5 अक्टूबर ) चुनावी सभा में कांग्रेस प्रत्याशी ललित कुमार सिंधी को कथित रूप से “पाकिस्तानी” कहे जाने के मामले में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अधिवक्ता मनोज आहूजा द्वारा पेश फौजदारी परिवाद पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-1 आशीष बैंदाड़ा ने विधायक को नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।मामले की अगली तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।परिवाद के अनुसार, 7 सितंबर को वार्ड संख्या 12 में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित सभा में विधायक गौतम ने ललित कुमार सिंधी के संबंध में कथित रूप से “एक तरफ पाकिस्तानी है,जिसने राजनीति में कभी कोई सेवा नहीं की” टिप्पणी की थी।अधिवक्ता आहूजा ने इसे गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
परिवाद में कथित बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग को प्रमुख साक्ष्य बताया गया है।आहूजा के अनुसार,वीडियो पहले ही पुलिस एवं निर्वाचन अधिकारियों को उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने वीडियो की तकनीकी अथवा फॉरेंसिक जांच तथा पूरे भाषण को संदर्भ सहित जांच में लेने का अनुरोध किया है।
परिवाद में भारतीय न्याय संहिता की धारा 175, 196 व 197 सहित लागू निर्वाचन प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। आहूजा ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी दल के पक्ष या विपक्ष में जाना नहीं,बल्कि चुनाव की गरिमा, सामाजिक सौहार्द और नागरिक की प्रतिष्ठा से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराना है।
न्यायालय के नोटिस के बाद अब 31 अक्टूबर की सुनवाई पर मामले की आगे की दिशा तय होगी।