ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर के छात्र आर्यन अग्रवाल का हैदराबाद के निकट स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए चयन हुआ है। आर्यन की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों एवं वर्धमान शिक्षण समिति में हर्ष का माहौल है।आर्यन अग्रवाल ने अपनी शैक्षणिक यात्रा गोठी स्कूल में नर्सरी कक्षा से प्रारंभ की। पढ़ाई के साथ-साथ वे विद्यालय की खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। खेल के क्षेत्र में उन्होंने अंडर-14 हैंडबॉल की जिला स्तरीय टीम के कप्तान के रूप में गोठी स्कूल को चैंपियनशिप दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विज्ञान विषय के प्रति रुचि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन से विकसित हुई। आर्यन ने कक्षा 9 में ही जीव विज्ञान विषय लेकर डॉक्टर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। उन्होंने सीबीएसई की दसवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद चार वर्षों तक निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम करते हुए नीट परीक्षा में सामान्य वर्ग के अंतर्गत ऑल इंडिया कोटे की रैंकिंग के आधार पर सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया।
वर्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने आर्यन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन की यह उपलब्धि संपूर्ण वर्धमान परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण प्रदान करने के महत्व को दर्शाती है।
विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि आर्यन शुरू से ही पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनका अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत उनकी सफलता का आधार है। नर्सरी से विद्यालय में अध्ययन प्रारंभ कर एमबीबीएस तक का सफर तय करना विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी के अवसर पर आर्यन ने गोठी स्कूल की प्रबंध समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अग्रवाल परिवार के सभी सदस्यों तथा गोठी स्कूल के वर्द्धमान परिवार को दिया।
आर्यन के पिता दीपक कुमार गुप्ता विद्यालय में कॉमर्स विषय के व्याख्याता हैं। आर्यन ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और प्रयास निरंतर किए जाएं, तो मंजिल अवश्य प्राप्त होती है।
वर्द्धमान शिक्षण समिति एवं विद्यालय परिवार ने आर्यन अग्रवाल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल चिकित्सकीय करियर के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।