खुंडियावास में गूंजा बाबा रामदेव का जयकारा

भजन संध्या और महाआरती में उमड़े श्रद्धालु
‘खम्मा-खम्मा ओ रामदेव जी’ सहित भजनों ने बांधा समां, 
बाबा के जयकारों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
अजमेर।“खम्मा-खम्मा ओ रामदेव जी… मारो हेलो सुनो रामापीर…”* बाबा रामदेव के भजनों की गूंज, श्रद्धा से झुके शीश और जयकारों से गुंजायमान मंदिर परिसर—अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी के पावन अवसर पर खुंडियावास स्थित श्री रामदेव जी मंदिर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां विशाल भजन संध्या एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु बाबा रामदेव की भक्ति में भाव-विभोर नजर आए।
कार्यक्रम के संयोजक बृजेश नवल ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर में भजन संध्या के साथ महाआरती आयोजित की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक घीसूलाल जिज्ञासु ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बना दिया। उन्होंने *‘खम्मा-खम्मा’, ‘मारो हेलो सुनो’, ‘रामापीर’, ‘बाबा रो डंको पुरी दुनिया में बाजे’* और *‘रूणिचा दरबार’* सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेव के जयकारे लगाते रहे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय राजीव गांधी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक खेताराम नवल, राजस्थान प्रदेश राजीव गांधी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सलाउद्दीन खान, शिवकुमार बंसल, भागचंद नवल, गोरधन सिंह, ज्ञानचंद नवल, शांतिलाल, शंकरलाल मौर्य, सुरेंद्र जाटोलिया, मदनलाल नवल, राधाकिशन नवल, दीपक, नवीन नवल, सुधीर नवल, देवीसिंह चौधरी, साजन और राहुल जाटोलिया सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भजन संध्या और महाआरती के साथ कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!