पंचशील के गणेश गुवाड़ी में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया स्वास्थ्य केन्द्र का शुभारम्भ
घर के पास ही मिलेंगी जांच, उपचार एवं निःशुल्क दवाइयों की सुविधा
अजमेर, 20 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में शहरी स्वास्थ्य सुविधाओं का निरन्तर विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पंचशील स्थित गणेश गुवाड़ी में आयुष्मान शहरी आरोग्य मंदिर का शुभारम्भ किया गया। इस केन्द्र के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को सर्दी, खांसी, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच, उपचार एवं दवाइयां घर के नजदीक ही निःशुल्क उपलब्ध हो सकेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत चार शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना एवं संचालन के लिए कुल 1 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई थी। इसके अन्तर्गत गणेश गुवाड़ी स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 28 लाख 87 हजार 500 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। केन्द्र के लिए 25 लाख रुपये का वार्षिक बजट भी आवंटित किया गया है। यहां एक चिकित्सक, दो नर्सिंगकर्मी एवं पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए गए हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति निरोगी रहे तथा सभी को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी सोच के अनुरूप अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। पंचशील स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। क्षेत्रवासियों की मांग पर गणेश गुवाड़ी में इस नए आयुष्मान शहरी आरोग्य मंदिर की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 12 नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाने हैं। इनमें से 9 स्वास्थ्य केन्द्र प्रारम्भ कर दिए गए है, गणेश गुवाड़ी में शुरू हुआ यह 10वां केन्द्र है। शेष दो नए केन्द्र शीघ्र शुरू किए जाएंगे। इन केन्द्रों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। यहां सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार तथा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। संभाग के सबसे बड़े जेएलएन चिकित्सालय में 190 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने से विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं की सेवाएं उपलब्ध होंगी और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि जेएलएन अस्पताल में 24 घंटे स्पीकर हेल्पडेस्क संचालित है। इसके माध्यम से अब तक 15 हजार से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। अस्पताल में 18 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे जटिल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल में भी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जहां प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभी डिस्पेंसरियों में एक्स-रे सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त विधायक कोष से क्षेत्र के लिए तीन नई एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई गई हैं। हाल ही में एक एम्बुलेंस रेडक्रॉस सोसायटी को भी सौंपी गई है।
शुभारम्भ कार्यक्रम में अजमेर नगर निगम की महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, जिला अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, वार्ड 76 के पार्षद श्री सतीश बंसल, वार्ड 75 के पार्षद श्री रमेश चेलानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, श्री सीताराम शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।