

केकड़ी। केकड़ी क्षेत्र ग्राम धूंधरी में बुधवार को ग्रामीणों ने खारी नदी से नियमविरूद्ध बजरी के खनन करने के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने खनन पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया जो दोपहर बाद तक जारी रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पथराव भी किया जिससे बजरी दोहन करने वाले ठेकेदार व ग्रामीणों के बीच काफी गहमा गहमी भी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया तथा ग्रामीणों से समझाईश की। काफी देर समझाईश का दौर जारी रहा जिसके बाद खनन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये और वहां जारी बजरी खनन की पड़ताल में जुट गये। अधिकारियों ने दोनों ही पक्षों से बात की और समझाईश कर मामला शांत कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों व ठेकेदार के प्रतिनिधियों को समझाईश कर गुरूवार को केकड़ी उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में बैठ कर मामले को सुलझाने की बात कही जिसके बाद कहीं जाकर मामला शांत हुआ। धूंधरी ग्राम के ग्रामीणों का कहना हैं कि ठेकेदार द्वारा नियमों का उलंघन कर बजरी का दोहन किया जा रहा हैं जिससे नदी के आस-पास के कूंओं का जलस्तर लगातार गिर रहा हैं,जिससे ग्रामीणों को आने वाले समय में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता हैं।
बहरहाल प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर नियंत्रण कर लिया अन्यथा एक बड़ा विवाद उत्पन्न हो सकता था। अधिकारियों ने ठेकेदार को भी फिलहाल दोहन ना करने की हिदायत दी हैं और जांच पूरी हो जाने के बाद निर्णय लेने की बात की हैं। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी राजेन्द्र सारस्वत,खनन विभाग के राजेन्द्र चौबे,केकड़ी पुलिस वृतनिरीक्षक जगमोहन शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
-पीयूष राठी