प्रसार भारती करेगा 1150 नियुक्तियां

दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए प्रसार भारती 1,150 कर्मचारियों की नियुक्तियां करेगा। यह प्रसार भारती का पिछले 15 साल में सबसे बड़ा कदम होगा। सरकार ने दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो की प्रोग्रामिंग व तकनीकी शाखा में 1,150 पद भरने की अनुमति दे दी है।

प्रसार भारती के मुताबिक, ये पद 3,452 अति आवश्यक पदों का हिस्सा हैं, जिन्हें मौजूदा वित्त मंत्री पी. चिदंबरम की अध्यक्षता वाले मंत्रिसमूह ने 2011 में अनुमोदित किया था। इनमें ज्यादातर पद ‘बी’ और ‘सी’ समूह के हैं, जिनकी नियुक्ति कर्मचारी चयन आयोग [एसएससी] करेगा। अन्य पदों पर प्रसार भारती नियुक्ति बोर्ड भर्तियां करेगा। प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी [सीईओ] जवाहर सरकर ने बताया कि वित्तीय पुनर्गठन पर कैबिनेट की मंजूरी के बाद 12,071 करोड़ रुपये की छूट दी गई है। नए 1,150 पदों के तहत सहायक स्टेशन निदेशक, सहायक अभियंता, कार्यक्रम कार्यकारी, प्रसारण कार्यकारी, तकनीशियन, कैमरामेन, प्रोडक्शन असिस्टेंट और प्रशासनिक कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। प्रसार भारती के सदस्य [कार्मिक] सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीएएम हुसैन ने बताया कि कई स्टेशन बिना इंजीनियर और प्रोग्रामिंग स्टाफ के काम कर रहे हैं। इस लिहाज से यह बड़ा और शानदार कदम है।

error: Content is protected !!