अब हेमा गहलोत बढ़ रही हैं तेजी से आगे

अजमेर की राजनीति में हेमा गहलोत का नाम अब किसी परिचय का मोहताज नहीं है। कुछ अरसे पहले जरूर उन्हें अजमेर में प्रथम मेयर धर्मेन्द्र गहलोत की धर्मपत्नी के रूप में जाना जाता था, मगर अब उन्होंने अपनी खुद की पहचान बनाना शुरू कर दिया है।
हाल ही उन्होंने केन्द्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल द्वारा महिला विरोधी बयान दिए जाने पर शहर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से गांधी भवन पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व किया। शहर अध्यक्ष जयंती की अनुपस्थिति में आयोजित इस प्रदर्शन में उपाध्यक्ष होने के नाते नेतृत्व करते हुए उन्होंने जता दिया कि वे भी अपने पति की तरह पूरी तरह से बिंदास हैं और उनमें भी नेतृत्व के गुण हैं। महिला मोर्चा में उनकी अपनी फेन फॉलोइंग भी है। बताते हैं वे उतनी ही तेज-तर्रार हैं, जितनी विधायक श्रीमती अनिता भदेल हो चुकी हैं। कहने की जरूरत नहीं है कि वे महिला मोर्चा में भदेल विरोधी गुट की अग्रणी नेता मानी जाती हैं। यूं अनिता भदेल मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, मगर मीटिंग इत्यादि में हेमा गहलोत का गुट अपनी उपस्थिति अलग से दिखाता है।
समझा जाता है कि धर्मेन्द्र गहलोत निकट भविष्य में चुनावी राजनीति में कोई चांस नजर नहीं आने के कारण अपनी धर्मपत्नी को पूरा संबल प्रदान कर रहे हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव में अजमेर उत्तर से उनकी दावेदारी की भी चर्चाएं हैं, मगर समझा जाता कि सिंधियों के लिए अघोषित रूप से आरक्षित इस सीट से उन्हें कुछ खास उम्मीद नहीं होगी। रहा सवाल नगर निगम का तो वे मेयर रह चुकने के बाद पार्षद का चुनाव तो लड़ेंगे नहीं। मेयर पद की बात करें, जिसका चुनाव सीधे मतदाता करेंगे, तो अगली बार न जाने किस जाति-वर्ग के लिए आरक्षित हो। ऐसे में चुनावी राजनीति के लिहाज से उनके पास कुछ खास करने को है नहीं। संगठन में जरूर महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर हैं। ऐसे में उनकी धर्मपत्नी का सक्रिय राजनीति में आगे आना नए समीकरणों की ओर इशारा करता है। यदि मेयर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होता है तो एक झटके में उनकी पत्नी आगे आ जाएंगी। इसके अतिरिक्त भी जिस प्रकार पढ़ी लिखी महिलाओं की भाजपा में कमी है, हेमा गहलोत के लिए आगे बढऩे का पूरा चांस है। अपनी तो यही दुआ है कि जिस तरह धर्मेन्द्र व हेमा मालिनी की जोड़ी आबाद है, वैसे ही धर्मेन्द्र गहलोत व हेमा गहलोत की जोड़ी भी आबाद रहे।

-तेजवानी गिरधर

error: Content is protected !!