कटारिया प्रोजेक्ट हो रहे हैं मुख्यमंत्री के रूप में

एक ओर जहां पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे को अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने को लेकर चल रहा विवाद समाप्त नहीं हुआ है, वहीं दूसरी ओर वसुंधरा विरोधी लॉबी के प्रमुख नेता पूर्व मंत्री गुलाब चंद कटारिया को उनके समर्थक मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे हैं। फेसबुक के उदयपुर भाजपा के अकाउंट पर कटारिया की मेवाड़ यात्रा के फोटो लगाए जा रहे हैं और उनके समर्थक कमेंट करके उन्हें आगामी मुख्यमंत्री बता रहे हैं। समझा जाता है कि ऐसा जानबूझ कर किया जा रहा है, ताकि वसुंधरा विरोधी मुहिम को जिंदा रखा जा सके और भाजपा हाईकमान पर लगातार दबाव बनाया जा सके।
ज्ञातव्य है कि इन दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन गडकरी की फिर से ताजपोशी को लेकर जद्दोजहद चल रही है। दिल्ली का फैसला होने के बाद ही राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तय किया जाएगा। इसके लिए वसुंधरा व संघ लॉबी भारी मशक्कत कर रहे हैं। राज्य सभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली राजस्थान प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी से रोजाना की रिपोर्टिंग ले कर मामले को हैंडल कर रहे हैं। जैसे ही राष्ट्रीय मसला निबटेगा, राजस्थान का भी फैसला हो जाएगा। इस समयांतराल का फायदा उठाते हुए संघ लॉबी अपना पूरा दबाव बनाए रखना चाहती है। कटारिया को फेसबुक पर चमकाने का यही राज है।
-तेजवानी गिरधर

error: Content is protected !!