चोरों के सामने बेबस हुई अजमेर पुलिस- देवनानी

अजमेर। अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने दिन दहाड़े उनके विधान सभा क्षेत्र स्थित आनंद नगर में जैन मंदिर से भगवान श्री महावीर की मूर्ति चोरी होने की घटना को अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अजमेर का पुलिस प्रशासन चोरों के सामने पूरी तरह बेबस व लाचार नजर आ रहा है। देवनानी ने कहा कि जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना ने ना केवल जैन समान के लोगों की आस्था व विश्वास को आहत किया है बल्कि इससे सम्पूर्ण अजमेरवासियों के मन को भी गहरी ठेस पहुंची है व उनमें असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हुआ है।
देवनानी आनंद नगर स्थित जैन मंदिर पहुंचे, उपस्थित क्षेत्रीय पार्षद नीरज जैन, सन्दीप बोहरा, कैलाश लुहाड़िया, सुभाष जैन आदि जैन समाज के व्यक्तियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभी डेढ़ माह पूर्व ही शहर में हाथीभाटा स्थित जैन मंदिर से चोरी हुई थी जिसका कोई खुलासा पुलिस नहीं कर पायी है। इससे पहले भी नलाबाजार गोधा गुवाड़ी स्थित जैन मंदिर व अन्य जैन मंदिरों से हुई चोरी की वारदातों का खुलासा भी पुलिस आज तक नहीं कर पायी है। शहर में चोरों लुटेरों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। रिहायशी क्षेत्रों में भी आए दिन घरों से व मुख्य बाजारों में दुकानों से चोरी की वारदाते अंजाम दी जा रही है। माताओ-बहिनों को चैन स्नेचरों व ठगों ने घर से निकलना दूभर कर रखा है, परन्तु अजमेर का पुलिस प्रशासन इन पर कोई नियंत्रण स्थापित नहीं कर पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की है कि शहर की बिगड़ी कानून व्यवस्था व इसके कारण शहरवासियों के मन में व्याप्त असुरक्षा के वातावरण को ध्यान में रखते शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाऐ तथा पुलिस प्रशासन को जैन मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच में गंभीरता बरते जाने व इनका शीघ्र खुलासा किये जाने हेतु पाबन्द किया जाऐ।

error: Content is protected !!