अहमदीनेजाद ने महिला मंत्री को निकाला

ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने अपनी स्वास्थ्य मंत्री मारिजाह वाहिद दास्तजर्दी को बर्खास्त कर दिया है। वह ईरानी मंत्रिमंडल की इकलौती महिला थीं। ईरान के सरकारी चैनल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मारिजाह ने दवाओं की कीमतें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। इसी वजह से अहमदीनेजाद ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों से ईरानी मुद्रा की स्थिति बेहद कमजोर हो गई है जिससे दवाओं के आयात पर बुरा असर पड़ा है। इसी से निबटने के लिए मारिजाह ने यह प्रस्ताव दिया था।

रूसी कर्मियों के हिजाब न पहनने से ईरानी सांसद खफा

मास्को। ईरान के बुशेर परमाणु संयंत्र में काम करने वाली रूसी महिला कर्मचारियों द्वारा हिजाब न पहनने पर ईरानी सांसद ने नाराजगी जताई है। सांसद मेहंदी मौसेवीनिजाद ने कहा, यह बेहद दुखद है कि रूसी कर्मचारियों ने अनुबंध की शर्तो पर ध्यान नहीं दिया। ध्यान रहे कि ईरान में किसी भी धर्म या देश की महिला को इस्लामिक नियमों के हिसाब से हिजाब पहनना जरूरी है। बुशेर संयंत्र का निर्माण सत्तर के दशक में शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक यह पूरा नहीं हो पाया है। 1998 में ईरान ने इसे पूरा करने के लिए रूस के साथ कई अरब डालर का समझौता किया था।

ईरान ने नाकाम किया अमेरिकी साइबर हमला

तेहरान। ईरानी संस्कृति मंत्रालय के सर्वर पर अमेरिकी साइबर हमले को तेहरान ने नाकाम कर दिया है। तेहरान के अनुसार मलेशिया और वियतनाम स्थित अमेरिकी सर्वरों से यह हमला किया गया था। अमेरिका और इजरायल द्वारा अपने परमाणु संयंत्रों और औद्योगिक केंद्रों पर हमलों को देखते हुए ईरान ने मजबूत साइबर टीम गठित की है जो 24 घंटे ऐसी घटनाओं पर नजर रखती है। अब तक निशाने पर मुख्य रूप से परमाणु संयंत्र ही रहे हैं जिनका बचाव करने में ईरान अब तक सफल ही रहा है।

error: Content is protected !!