दामिनी को आज सम्मानित करेगा अमरीका

daminiवाशिंगटन। दिल्ली बलात्कार कांड की पीडिता दामिनी को उसके साहस और महिला गरिमा की सुरक्षा के उसके जज्बे के सम्मान में अमेरिका ने उसे अंतर्राष्ट्रीय महिला साहस पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने महिला साहस की प्रतीक दुनिया के विभिन्न देशों से दस असाधारण महिलाओं का चयन किया है जिनमें दामिनी शामिल है। दामिनी को यह पुरस्कार मरणोपरांत दिया जाएगा। पुरस्कार विदेशमंत्री जान केरी आगामी आठ मार्च को वाशिंगटन स्थित विदेश मंत्रालय के सभागार में आयोजित एक समारोह में प्रदान करेंगे। समारोह में अमेरिका की प्रथम महिला मिशैल ओबामा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सम्मान के लिए चुनी गई महिलाओं के संक्षिप्त जीवन परिचय के साथ उनके चित्र भी जारी किए हैं लेकिन इनमें दामिनी का चित्र नहीं है बल्कि जीवन परिचय है। भारतीय कानूनों के तकाजों को ध्यान में रखकर दामिनी का वास्तविक नाम और चित्र सार्वजनिक नहीं किया गया है। दामिनी की ओर से पुरस्कार हासिल करने के लिए संभवत: उसके परिवार वाले वाशिंगटन जाएंगे।

भारत तथा दुनिया के दूसरे देशों में दामिनी के नाम से पहचानी जाने वाली इस 23 वर्षीय फिजियोथैरेपी की छात्रा के साथ 16 दिसंबर की रात को दिल्ली में एक चलती बस में सामूहिक बलात्कार किया गया था। बलात्कार के दौरान गंभीर रूप से घायल दामिनी की सिंगापुर के एक अस्पताल में मौत हो गई थी। दामिनी के साथ हुए बलात्कार की घटना के विरोध में राजधानी दिल्ली के साथ ही पूरे देश में प्रदर्शन हुआ था। देश एवं दुनिया के दूसरे शहरों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए थे।

अन्य पुरस्कृत महिलाएं हैं अफगानिस्तान की मलालाई बहादुरी, मिस्र की शमीरा इब्राहिम, हांदुरस की जूलियेटा कैस्टेलानोस, नाइजीरिया की डाक्टर जोसेकीन ओबियाजुलू ओदुमाकिन, रूस की येलेना मिलाशीना, सोमालिया की फरातून अदान, चीन की सेरिंग वोयेसर, सीरिया की रजान जेतुना एवं वियतनाम की ता कोंग तान।

error: Content is protected !!