पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने रविवार, 24 मार्च 2013 को सेवानिवृत्त न्यायाधीश मीर हजार खोसो को देश का कार्यवाहक प्रधानमंत्री नामित किया। खोसो देश में 11 मई को होने वाले आम चुनाव का संचालन कर रहे हैं।
मामला चुनाव आयोग के सुपुर्द किया
प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता तथा संसदीय समिति की 6 दिन की लंबी चर्चाओं के बावजूद कार्यवाहक प्रधानमंत्री का फैसला कर पाने में विफल रहने पर मामले को शुक्रवार, 22 मार्च 2013 की रात पांच सदस्यीय निर्वाचन आयोग के सुपुर्द कर दिया गया था। दो दिन के विचार-विमर्श के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त फकरुद्दीन इब्राहीम ने रविवार को ऐलान किया कि आयोग ने खोसो को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है।
ईमानदार
न्यायाधीश खोसो बेहद ईमानदार और बेहद सम्मानित हस्ती हैं। 84 वर्षीय खोसो बलूचिस्तान प्रांत के जाफराबाद जिले में गोठ रविवार कोम खान खोसा से ताल्लुकरखते हैं और वह बलूचिस्तान उच्च न्यायालय तथा संघीय शरिया अदालत, दोनों के मुख्य न्यायाधीश पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
निष्पक्ष चुनाव का आश्वासन
कार्यवाहक प्रधानमंत्री खोसो ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मिलने का वादा करते हुए निष्पक्ष चुनाव का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि चुनाव समय पर होंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि देश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, लेकिन अल्लाह की इच्छा से सब कुछ ठीक होगा।