सियोल। कोरियाई प्रायद्वीप में व्याप्त तनाव के बीच दक्षिण कोरिया ने अपनी खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के हवाले से आशंका जताई है कि उत्तर कोरिया चौथी बार परमाणु परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है।
दक्षिण के एक शीर्ष मंत्री ने कहा है कि कुछ ऐसे संकेत मिले हैं जिससे आशंका है कि उत्तर एक और परमाणु परीक्षण कर सकता है। गौर हो कि उत्तर ने 12 फरवरी को तीसरा परीक्षण किया था जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने उस पर और कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे। इसी के बाद से प्रायद्वीप में सैन्य गतिविधियां बढ़ाने से तनाव है जिसे खत्म करने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री का यह बयान तब आया है जब एक अखबार ने उत्तर के उत्तर हेमग्योंग प्रांत स्थित पंगये-री परमाणु परीक्षण स्थल पर लोगों व वाहनों की गतिविधियों तेज होने का दावा किया था। अखबार में दक्षिण सरकार के एक अधिकारी का बयान है जिसमें कहा गया है कि हम ये पता लगा रहे हैं कि ये हलचल परमाणु परीक्षण के मद्देनजर है या दक्षिण और अमेरिका पर दबाव बनाने की एक चाल।