आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच झड़प

aapनई दिल्ली / दिल्ली और लखनऊ के बाद आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थकों के बीच इलाहाबाद में भी झड़प हुई है। उधर गुजरात यात्रा पर गए अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला हुआ है। उनकी कार पर पत्थर फेंका गया है जिससे उनकी कार का शीशा टूट गया। यह घटना दिल्ली और लखनऊ उनकी पार्टी के भारतीय जनता पार्टी के वर्कर्स से हुई भिड़ंत के बाद हुई। अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से कहा कि उनकी कार पर नरेंद्र मोदी ने हमला करवाया है। हालांकि उन्होंने अपने वर्कर्स से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि उनकी यात्रा जारी रहेगी।
‘आप’ का काउंटर तोड़ा
इलाहाबाद के सिविल लाइंस चौराहे पर आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए गए सदस्यता अभियान के काउंटर को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तहस-नहस करने के साथ हाथापाई भी की। दिल्ली में बीजेपी दफ्तर पर ‘आप’ कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए हमले के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने यह कार्रवाई की। ‘आप’ के जिला महासचिव संजय पांडेय ने कहा कि काउंटर तोड़ने के साथ आप कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। उधर बीजेपी की महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय ने कहा कि सिविल लांइस में कोई घटना हुई है लेकिन इसके बारे में उनके पास ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नाम पर जिस तरह दिल्ली में बीजेपी दफ्तर पर हमला किया गया है, इसका विरोध किया जाएगा।
यहां से हुई शुरुआत
इस हंगामे की शुरुआत दिल्ली में बीजेपी के दफ्तर पर हुई। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेता अरविंद केजरीवाल के काफिले को गुजरात में रोके जाने को लेकर नाराज हैं। बुधवार दोपहर को अरविंद केजरीवाल के काफिले को गुजरात के पाटन में राधनपुर नामक जगह पर पुलिस ने रोक लिया। इस घटना से गुस्साए ‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बीजेपी के दफ्तर पर प्रदर्शन और पत्थरबाजी की। इसके बाद लखनऊ में भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबरें हैं। हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ के मुताबिक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लाठियां चलाईं। लखनऊ से हमारे रिपोर्टर ने खबर दी है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘आप’ कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

error: Content is protected !!