दुष्कर्म रोकने को चौटाला फार्मूला

हरियाणा में लड़कियों के खिलाफ लगातार बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं के मद्देनजर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने एक नया प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने खाप पंचायतों के उस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसमें दुष्कर्म जैसी घटनाओं के निराकरण के लिए लड़कियों की शादी कर उम्र में ही कर दिए जाने की बात कही गई थी।

इंडियन नेशनल लोकदल [इनेलो] प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा, राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए यदि राज्य सरकार की ओर से समय रहते कारगर कदम उठाए गए होते तो आज ये नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीते एक महीने में दुष्कर्म की सोलह घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कुछ दलित बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में इस तरह की बढ़ती घटनाओं के बीच खाप पंचायतों ने सुझाव देते हुए कहा था कि विवाह की तय उम्र सीमा को समाप्त कर देना चाहिए और लड़कियों की शादी 15 साल की उम्र में ही कर देनी चाहिए। खाप पंचायतों के अनुसार इससे लड़के व लड़कियों में भटकाव नहीं आएगा और दुष्कर्म की घटनाओं में कमी आएगी।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने भी बुधवार को कहा, मुगलों के शासन के दौरान भी बेटियों की रक्षा के लिए उनकी शादी कम उम्र में कर दी जाती थी और हमें इतिहास से सबक लेते हुए खाप पंचायतों के इस अच्छे सुझाव को मान लेना चाहिए।

 

error: Content is protected !!