दिल्ली में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, पांच बच्चों की मौत

पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार के ढह जाने से पांच बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। सभी बच्चे दो से पांच आयु के बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। न्यू अशोक नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दल्लू पुरा में धर्मशिला अस्पताल के पीछे की तरफ निर्माणाधीन मकान के नजदीक कुछ बच्चे खेल रहे थे। तभी मकान की दीवार भरभरा कर ढह गई। दस बच्चे दीवार के मलबे में दब गए। यह देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग मदद को दौड़ पड़े। सुबह 9.50 पर हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मलबे से निकाले गए कुछ बच्चों को धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, जबकि कुछ को उनके परिजन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए।

डाक्टरों ने पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के अनुसार अस्पताल में भर्ती एक बच्ची की हालत काफी गंभीर है।

एसडीएम पीके डबास ने जांच के आदेश दिए। साथ ही, प्लाट मालिक व बिल्डर पर एफआइआर दर्ज करने के लिए एसएचओ ने कहा है। दीवार 13 फीट ऊंची थी, जिसमें बिम नहीं था और न ही पीलर का उपयोग किया गया था।

error: Content is protected !!