बलात्कार से निपटने के लिए कड़े कानून बनें : मीरा कुमार

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बुधवार को कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने व बलात्कारियों से निपटने के लिए नए व कड़े कानून की आवश्यकता है।

कुमार ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक नया कानून लाया जाना चाहिए और इसे अवश्य पारित कराया जाना चाहिए। वर्तमान कानून पर्याप्त नहीं हैं, हमें कड़े कानूनों की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सुधारने खासकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसा किया जाना त्वरित आवश्यकता है।

कुमार ने रविवार की रात सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनी 23 वर्षीया पीड़िता को उसके द्वारा बलात्कारियों का विरोध करने के लिए उसे साहसी बताया। उन्होंने कहा कि हर कोई उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

उन्होंने कहा, हम सभी पीड़िता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। वह साहसी है। हम सब चिंतित हैं, क्योंकि इस तरह की घटनाएं एक ऐसे समाज में हो रही हैं, जहां महिलाओं को पूजा जाता है।

पीड़िता दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। चलती हुई बस में कम से कम छह लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे व उसके पुरुष मित्र को सड़क पर फेंक दिया। आरोपियों में से चार को गिरफ्तार किया गया है।

error: Content is protected !!