गैंगरेप: पीड़िता से मिलीं सोनिया

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बस में हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड की निंदा करते हुए इसे सबके लिए शर्म की बात कही। उन्होंने ऐसी बर्बर घटनाओं को रोकने के लिए सरकार से यथासंभव कठोर कदम उठाने को कहा। संप्रग अध्यक्ष मंगलवार देर रात सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता की हालत जानने के लिए सफदरजंग अस्पताल भी पहुंची। उन्होंने वहां पर डॉक्टरों से पीड़िता के इलाज के बारे में जानकारी ली।

कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेद्वी के अनुसार पार्टी अध्यक्ष लगभग 20 मिनट तक अस्पताल में रहीं। इस दौरान सोनिया ने पीड़िता के मां-बाप से मुलाकात की और डाक्टरों से छात्रा की स्थिति के बारे में भी पूछा। द्विवेद्वी के अनुसार डॉक्टरों ने सोनिया को पीड़ित छात्रा की गंभीर स्थिति के बारे में बताया। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत मंगलवार शाम और बिगड़ जिसके बाद उसे पूरी तरह से जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

सोनिया ने केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने ऐसी बर्बर घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा है।

गृहमंत्री को लिखे पत्र में सोनिया ने कहा कि यह हम सभी, जो अपने शहरों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं, के लिए शर्म की बात है कि देश की राजधानी में चलती बस में एक छात्रा का सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को उन खतरों से वाकिफ कराया जाए जिनसे हमारी बेटियां, बहनें और माताएं हर रोज जूझती हैं। संप्रग अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को ऐसे अपराधों से निपटने के लिए प्रेरित, प्रशिक्षित एवं सुविधाओं से लैस किया जाए। उन्होंने आशा जताई कि गृहमंत्री इस स्थिति में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाएंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को लिखी चिट्ठी में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। यह शर्म की बात है कि ऐसी घटना बार-बार घटती है और राष्ट्रीय शहर में हमारी बेटियां, बहनें एवं माताएं असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी हिंसा और अपराध की न केवल निंदा की जाए, बल्कि उससे लड़ने का ठोस प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए चौकस बढ़ाने के लिए जो भी जरूरी हो, किया जाए।

गौरतलब है कि रविवार देर रात बस में हुई गैंगरेप की दिल दहलाने वाली घटना की शिकार लड़की सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। मंगलवार सुबह पीड़िता की तबीयत थोड़ी सुधरी, लेकिन फिर खबर आई कि लड़की की हालत बिगड़ गई है। लड़की को फिर वेंटिलेटर पर रख दिया गया है। अस्पताल के मुताबिक दुष्कर्म के मामले में उनके सामने इतना गंभीर केस अब तक नहीं आया है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीडी अथानी ने बताया कि युवती की हालत नाजुक है। सुबह स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार आने के बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई है। उसकी नब्ज [पल्स रेट] 130 है, जो सामान्य 72 से बहुत ज्यादा है। संक्रमण बढ़ जाने के कारण प्लेटलेट्स गिरकर 48 हजार रह गया है, जो सामान्यत 1.5 लाख से साढ़े चार लाख के बीच होना चाहिए। पल्स रेट का बढ़ना व प्लेटलेट्स का घटना चिंता का कारण है। सुबह में ब्लड प्रेशर सामान्य हो गया था, बाद में काफी घट-बढ़ रहा है।

डॉ. अथानी ने बताया कि युवती के आंतरिक अंग के अलावा छोटी आंत व बड़ी आंत काफी क्षतिग्रस्त हुई है। इसके अलावा शरीर के कई प्रमुख हिस्सों पर गहरी चोट है। रविवार को उसकी सर्जरी की गई थी। जरूरत पड़ने पर फिर सर्जरी की जा सकती है।

इससे पहले मंगलवार को इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि दो आरोपी वारदात के बाद शहर छोड़कर भाग चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दुष्कर्म मामले में फांसी की सजा दिलाने संबंधी एक प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। मुख्य आरोपी बस ड्राइवर राम सिंह को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उसने शिनाख्त परेड में शामिल होने से इन्कार कर दिया।

error: Content is protected !!