रतन होंगे टाटा समूह के मानद चेयरमैन

मुंबई। टाटा समूह के चेयरमैन पद से रिटायर होने के बावजूद 75 वर्षीय रतन टाटा समूह के मानद चेयरमैन बने रहेंगे। 28 दिसंबर को उनकी जगह साइरस पी मिस्त्री को समूह की सौंपी जाएगी। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इसकी औपचारिक घोषणा की है। वैसे पिछले बृहस्पतिवार को ही कंपनी के बोर्ड ने यह फैसला कर लिया था।

साइरस को पिछले साल नवंबर में ही रतन का उत्तराधिकारी चुन लिया गया था। 44 वर्षीय मिस्त्री फिलहाल टाटा समूह के डिप्टी चेयरमैन हैं। टाटा संस के बोर्ड में उन्हें वर्ष 2006 में बतौर निदेशक शामिल किया गया था। इससे पहले उनका नाता प्रमुख निर्माण कंपनी शपूरजी पलोनजी एंड कंपनी से रहा है। यह कंपनी टाटा संस की सबसे बड़ी शेयरधारक है। इसके पास समूह की 18 फीसद हिस्सेदारी है। टाटा समूह का कारोबार नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक फैला है। 100 अरब डॉलर के इस समूह में सौ से ज्यादा कंपनियां शामिल हैं।

error: Content is protected !!