प्रोफेसर यशपाल समेत चार पद्म विभूषण से सम्मानित

padma-vibhushan-goes-to-prof-yashpal-and-padma-shree-goes-to-nida-fazliनई दिल्ली। वर्ष 2013 के लिए शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पद्म विभूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए। इस बार पद्म विभूषण का पुरस्कार मशहूर पेंटर एस हैदर रजा और वैज्ञानिक प्रोफेसर यशपाल को दिया गया। फिल्म अभिनेता राजेश खन्ना व हास्य कलाकार जसपाल भट्टी को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। वही मशहूर शायर निदा फाजली को पद्म श्री के सम्मान से नवाजा गया।

पद्मभूषण पाने वालों में अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, क्रिकेटर राहुल द्रविड़, मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम भी शामिल हैं। अभिनेत्री श्रीदेवी, गायिका सुधा मल्होत्रा, निर्माता रमेश सिप्पी, ओलंपिक पदक विजेता सुबेदार मेजर विजय कुमार व आइआइटी कानपुर के निदेशक प्रो. संजय ढांडे को पद्मश्री से नवाजा गया।

राष्ट्रपति ने वर्ष 2013 के लिए 108 नामचीन हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने का एलान किया था। इनमें चार पद्म विभूषण, 24 पद्म भूषण और 80 पद्मश्री पुरस्कार शामिल थे। इस बार दिए गए पुरस्कार विजेताओं में 24 महिलाएं को दिए गए है। वहीं , 11 पुरस्कार विदेशी, अप्रवासी, भारतीय मूल या मरणोपरांत श्रेणी में दिए गए हैं। पद्म विभूषण पाने वालों में उड़ीसा के कलाकार रघुनाथ मोहापात्र व कर्नाटक के वैज्ञानिक प्रो. रोडम नरसिम्हा भी शामिल हैं।

उद्योगपति आदि गोदरेज को भी पद्मभूषण पुरस्कार के लिए चुना गया है। उत्तर प्रदेश से डॉ. अशोक सेन, दिल्ली से डॉ. सरोजा वैद्यनाथन, डॉ. एएस पिल्लई, डॉ. विजयकुमार सारस्वत और डॉ. महाराज किशन भान भी पद्मभूषण पाने वालों में हैं। पश्चिम बंगाल के कलाकार अब्दुल राशिद खान और मध्य प्रदेश के हेमेंद्र सिंह पंवार को भी पद्मभूषण से सम्मानित किया गया है।

पद्मश्री पुरस्कार पाने वालों में हरियाणा के ओलंपिक मेडल विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त व सेना के सुबेदार मेजर विजय कुमार के अलावा जम्मू-कश्मीर के गुलाम मोहम्मद साजनवाज व बलवंत ठाकुर, दिल्ली के पाब्लो बार्थोलोमेव, स्वर्गीय मंजू भरतराम, अविनाश चंदर, वंदना लूथरा, डॉ. सुदर्शन अग्रवाल, डॉ. प्रमोद कुमार जुल्का, डॉ. गुलशन राय खत्री डॉ. विश्वकुमार गुप्ता, डॉ. रमाकांत शुक्ला, प्रो. अख्तारुल वासी, प्रो. अनविता अब्बी, सुप्रसिद्ध फैशन डिजाइनर रितु कुमार व हास्य कवि सुरेंद्र कुमार शर्मा के नाम शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश से पद्मश्री पाने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राम किशन, आइआइटी कानपुर के निदेशक प्रो. संजय गोविंद ढांडे, प्रो. सरोज चूड़ामणि गोपाल, प्रो. कृष्णचंद्र चुनेकर, डॉ. महिंद्रा अग्रवाल और डॉ. रवींद्र सिंह बिष्ट के नाम शामिल हैं। झारखंड से खेल क्षेत्र में प्रेमलता अग्रवाल को चुना गया है। बिहार से साहित्य व शिक्षा के लिए प्रो. कैप्टन डॉ. मोहम्मद शाराफ-ए-आलम और डॉ. जगदीश प्रसाद सिंह को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।

मध्य प्रदेश से मशहूर शायर डॉ. निदा फाजली भी पद्मश्री से नवाजे जाने वालों में शामिल हैं। पश्चिम बंगाल से स्व. शौकत रियाज कपूर उर्फ सालिक लखनऊ का नाम भी पद्मश्री के लिए चुना गया है।

error: Content is protected !!