अलीगढ़। छात्रा की मौसी रविवार को यहां तब अवाक रह गई, जब महिला थाने पर खड़े एक सिपाही ने उससे कहा कि पुलिस तभी मदद करेगी, जब वह ट्रैक पर लेट जाएगी और आत्महत्या करने की धमकी देगी।
अतरौली जाने से पहले छात्रा की मौसी मदद के लिए यहां महिला थाने आई थी। महिला थाने पर मौजूद सिपाही ने कहा कि यहां पुलिस ऐसे मदद नहीं करने वाली। मदद चाहिए तो मीडिया को एकत्रित करो। मीडिया भी तब पहुंचेगी, जब ट्रैक पर लेट जाओगी। मीडिया के आने पर वह अपनी बात कहे तो पुलिस जल्द सुन लेगी। ये सुनकर आंखों में आंसू लिए महिला अतरौली चली गई और वहां कोतवाली में महिला थाने के सिपाही के बारे में बताया।
नहल के युवक से गाजियाबाद की छात्रा का विवाह करने का मामला
क्षेत्र के गांव नहल में प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी युगल की कहानी में छात्रा की मौसी की एंट्री से रविवार को नया मोड़ आ गया। यहां कोतवाली पहुंची महिला ने छात्रा के नाबालिग होने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रबंधक समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखा दी।
बता दें कि गांव नहल के एक परीक्षा केंद्र पर गाजियाबाद की छात्रा 12वीं की परीक्षा देने आई थी। वह गांव नहल में ही एक घर में रहकर परीक्षा दे रही थी। छात्रा की इसी घर के एक युवक से आंखें लड़ गईं। शुक्रवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा व युवक ने मंदिर में शादी कर ली।
शनिवार को परिजनों ने छात्रा को बुलाया तो उसने शादी करने की बात कहकर आने से इन्कार कर दिया था। रविवार को गाजियाबाद से कोतवाली पहुंची छात्रा की मौसी उमा देवी ने आरोप लगाया कि छात्रा नाबालिग है। उसकी शादी डरा धमकाकर कालेज के प्रबंधक ने कराई है। यह भी आरोप लगाया कि छात्रा की अंग्रेजी विषय के दूसरे पेपर की कॉपी फाड़ दी गई थी। परीक्षा में फेल होने के डर से उसने मजबूरी में शादी की है। महिला की तहरीर पर आरबीएस इंटर कॉलेज नहल के प्रबंधक पुष्पेंद्र चौधरी उर्फ बाटुल्ला, चपरासी बंटू सिंह व ऊधम सिंह, मुरारी सिंह, लोकेश व विमलेश के खिलाफ बहला फुसला कर अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल श्याम सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई थी, लेकिन वे लड़की समेत फरार हो गए।
एसओ सुधा सिंह ने कहा कि रविवार को कोई पुरुष सिपाही थाने पर ड्यूटी नहीं दे रहा था। मैं दिनभर थाने में ही थी। गाजियाबाद की कोई महिला मदद मांगने थाने नहीं आई। यदि महिला अपनी बात साबित कर दे तो सिपाही के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।