पुणे। हुंडई के प्लांट में कैंटीन का नाश्ता खाकर 68 कर्मचारी बीमार हो गए। हालांकि, इनमें से कई को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई लेकिन 15 कर्मचारियों को डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को चकन-टेलगांव स्थित हुंडई कंपनी में कंदे पोहे खाने के बाद कर्मचारियों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। उन्होंने नाश्ते में तिलचट्टे, केंचुए और मरे हुए चूहे के बच्चे मिलने का आरोप लगाया। सभी पीड़ितों को तुरंत पवाना अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुणे के ग्रामीण एसपी मनोज कुमार लोहिया ने कहा कि हम फूड एंड ड्रग प्रशासन की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ कंपनी प्रबंधन ने वादा किया कि जो भी इस मामले में शामिल हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रवक्ता कृष्णकांत पाटिल ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए दिए गए हैं। हम कर्मचारी के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। उनकी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
चकन औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस कंपनी में कंस्ट्रक्शन से संबंधित उपकरण बनाए जाते हैं। यहां वर्तमान में 400 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।