बवाना में भीषण आग, 300 झुग्गियां खाक, चार की मौत

massive-fire-breaks-out-at-bawana-slum-clusterनई दिल्ली। गर्मी आते ही आग ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके की जेजे कॉलोनी में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे में 300 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गई। घटना में चार लोगों के मरने की भी सूचना है जबकि करीब दो दर्जन लोग आग में झुलस गए हैं।

घायलों का इलाज महर्षि बाल्मीकि अस्पताल में किया जा रहा है। आग लगने की वजह क्या है, इस बारे में अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। मौके पर दमकल की बीस से अधिक गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। घटना से नाराज लोगों ने हंगामा करते हुए मीडिया कर्मियों व फायर कर्मियों को निशाना बनाया और पथराव भी किया। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने स्थिति को किसी तरह से नियंत्रण किया।

बवाना सेक्टर दो में नहर के पास हनुमान मंदिर के सामने स्थित झुग्गी बस्ती में दोपहर डेढ़ बजे अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगी। लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते-देखते ही झुग्गियों को अपने चपेट में लेना शुरू कर दिया। बताया गया है कि आग झुग्गी बस्ती की एक तरफ से शुरू हुई और दूसरी ओर तक फैल गई। कुछ लोग अपने घरों से सामान निकालने में कामयाब रहे लेकिन कुछ लोग सामान निकालने के क्रम में आग में फंस गए। जिससे वे झुलस गए।

error: Content is protected !!