यूपीए 2 सरकार को गिराना चाहता था प्रभावशाली नेता: गडकरी

gadkariनागपुर। एक प्रभावशाली नेता ने यूपीए सरकार-2 को गिराने के लिए भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी की मदद मांगी थी। उन्होंने यह बात नागपुर में एक निजी चैनल पर कही है। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारे में हलचल पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि मैं जिस नेता की बात कर रहा हूं, वह राजनीति में बहुत बड़ी हस्ती है और वह अकेले ही केंद्र सरकार को गिराने में सक्षम है। गडकरी ने कहा कि उन्होंने उस नेता की मदद से साफ इंकार कर दिया।

हालांकि इस दौरान गडकरी उस नेता का नाम बताने से बचते दिखाई दिए। पूर्व बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी नहीं बताया कि उक्त नेता ने उनसे कब संपर्क किया था। उन्होंने यह बात अपने गृहनगर नागपुर में एक निजी पार्टी के दौरान कही। इस दौरान गडकरी ने यह भी नहीं बताया कि सरकार नहीं गिराने के पीछे का कारण उनका क्या था।

गडकरी के इस बयान पर महाराष्ट्र के नेताओं ने चुटकी भी लेना शुरू कर दिया है। उनके विरोधी नेताओं का कहना है कि वह नमक-मिर्च लगाकर बात कर रहे हैं। वह इसकी वजह 2014 के आम चुनाव मानते हैं। इन नेताओं का कहना है कि गडकरी नागपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं। भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी छिन जाने से आहत गडकरी लोकसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय राजनीति में धमाकेदार एंट्री चाहते हैं, इसलिए यह सब कर रहे हैं।

error: Content is protected !!