पटना। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पर परिवर्तन रैली में जमकर निशाना साधा। आखिरकार लालू अपने जिस अंदाज के लिए जाने जाते हैं उसी के अनुरूप दिखे।
राजद की गांधी मैदान में हो रही परिवर्तन रैली (रैली की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें) में इस बार नया ट्रेंड दिखा। हमेशा राजसिंहासन जैसी कुर्सी पर बैठने वाले लालू जी के लिए मंच पर इस बार ऐसी राजसी व्यवस्था नहीं थी। इस बार मंच पर एक सौ एक कुर्सियां लगीं और सब एक जैसी। दरअसल लालू प्रसाद यादव संदेश देना चाहते हैं कि उनकी राजनीति और सोच में काफी बदलाव आया है। पार्टी में सभी समान हैं।
कटाक्ष करते हुए लालू ने कहा, नीतीश कुमार की अधिकार रैली की सभाओं में जो हुआ, वह शर्मनाक है। काले कपड़े के बहाने बेटियों के दुपट्टे उतारे गए। वे काले कपड़े से वैसे ही भड़कते हैं जैसे लाल कपड़ा देखकर सांड़ भड़कता है। इस दौरान लालू ने शायरी भी की – हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं। साथ ही सत्तारूढ़ दल को नसीहत देते हुए कहा कि जो जनता कभी फूलों की माला पहनाती है वही जूते भी मारती है। अब राजग को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है।