नई दिल्ली। गुड़गांव की हाईटेक सिटी के एक फ्लैट में मृत पाए गए दिल्ली पुलिस के तेज तर्रार इंस्पेक्टर बद्रीश दत्त आईपीएल 6 में फिक्सिंग की जांच से जुड़े हुए थे। उनकी मौत के पीछे अब इस फिक्सिंग के खेल की बड़ी मछलियों पर शक जताया जा रहा है। फिलहाल इंस्पेक्टर बद्रीश और उनके साथ मृत पाई गई उनकी महिला मित्र गीता शर्मा की मौत की जांच गुड़गांव पुलिस कर रही है।
जानकारों का मानना है कि बद्रीश की हत्या से इस फिक्सिंग के मामले में जांच को धक्का जरूर लगा है। गौरतलब है कि स्पॉट फिक्सिंग मामले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी श्रीसंत को दिल्ली पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। उनके साथ दो अन्य खिलाड़ी और कुछ बुकी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को शक है कि आईपीएल 6 के दौरान कुछ दूसरे मैचों में भी फिक्सिंग की गई है। इसबाबत पुलिस कुछ अहम सुराग होने का भी दावा कर रही है।