गुवाहाटी। प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार पर भले ही लाखों करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप हों लेकिन खुद उनके पास नकद के नाम पर कुछ नहीं है और कार है तो 1996 मॉडल की मारुति। यह बात राज्यसभा चुनाव के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से दाखिल संपत्ति के विवरण से बुधवार को पता चली। प्रधानमंत्री ने शपथ पत्र देकर अपनी सालाना आय 40,51,964 रुपये बताई है।
अपनी चल संपत्ति के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि पांच सावधि जमा (फिक्स डिपॉजिट) हैं और तीन बचत बैंक खाते हैं। इन सभी में कुल 3,87,63,188 रुपये हैं। पुरानी मारुति कार की कीमत 21 हजार 33 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त मनमोहन के पास 7 करोड़ 52 लाख 50 हजार रुपये कीमत की अचल संपत्तियां हैं। इनमें चंडीगढ़ में एक आवास और दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक फ्लैट है। पीएम की पत्नी गुरशरण कौर के पास नकद के नाम पर 20 हजार रुपये हैं। 20 लाख 31 हजार 385 रुपये की अन्य संपत्तियां हैं। इसमें 3.45 लाख के स्वर्ण आभूषण भी शामिल हैं। उनके बचत खाते में 16 लाख 62 हजार 570 रुपये भी हैं।
मनमोहन सिंह ने बताया है कि वह गुवाहाटी के सारुमोटोरिया इलाके के भवन संख्या- 3989, नंदन नगर के निवासी हैं। यह भवन मूल रूप से असम के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया का था, जो उन्होंने 1991 में डॉ. सिंह को किराये पर दिया था।