डीएसपी हत्याकांड: राजा भैया से 11 घंटे पूछताछ

raja bhayaप्रतापगढ़ । बलीपुर हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआइ ने बुधवार को कुंडा कैंप कार्यालय में तलब कर पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से करीब 11 घंटे तक पूछताछ की। घटना के दिन करीबियों से हुई बात की तस्दीक के लिए एमएलसी गोपालजी समेत अन्य से सामना भी कराया गया। राजा भैया से गुरुवार को भी पूछताछ होगी। उन्हें पूर्वाह्न साढ़े दस बजे फिर बुलाया गया है।

हथिगवां क्षेत्र के बलीपुर गांव में बीती दो मार्च शाम प्रधान नन्हे यादव की हत्या के बाद हुई हिंसा में प्रधान के भाई सुरेश और डीएसपी कुंडा जियाउल हक भी मारे गए थे। घटना के बाद डीएसपी की पत्नी परवीन आजाद ने पुलिस को दी तहरीर में राजा भैया और उनके करीबियों के खिलाफ तहरीर दी थी। इस तिहरे हत्याकांड की आठ मार्च से जांच कर रही सीबीआइ टीम भगोड़े पुलिसकर्मियों, दिवंगत प्रधान के भाइयों, एमएलसी गोपालजी और परवीन की तहरीर में नामजद सभी आरोपियों से कई बार पूछताछ कर चुकी है। कई को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

सीबीआइ ने बुधवार को राजा भैया को तलब किया। पूर्वाह्न करीब 10:40 बजे राजा भैया, गोपालजी, गुलशन यादव, छविनाथ यादव के साथ सीबीआइ के कैंप कार्यालय पहुंचे। दोपहर बाद हरिओम श्रीवास्तव, नन्हे सिंह, लालजी निगम, घटना के चश्मदीद अजरुन पटेल, नन्हे पटेल, नन्हे गौतम समेत आधा दर्जन ग्रामीणों को भी कैंप कार्यालय में बुलाया गया। सूत्रों की मानें तो सीबीआइ ने घटना के दिन करीबियों से हुई बातचीत के बारे में राजा भैया से जानकारी हासिल की। राजा भैया के समक्ष जुटाई गई बातचीत का ब्योरा रख हर पहलू से सवाल पूछे गए। राजा भैया द्वारा दी गई जानकारी की तस्दीक करने के लिए गोपालजी, गुलशन यादव, हरिओम, नन्हे सिंह और घटना के चश्मदीदों से आमना-सामना भी कराया। यही नहीं, नन्हे यादव के भाई पवन की ओर से लगाए गए आरोपों के बारे में भी सीबीआइ ने राजा भैया से पूछताछ की।

ताबड़तोड़ सवाल कर सीबीआइ ने राजा भैया को उलझाने का प्रयास भी किया गया। पूर्व मंत्री रात 9:22 बजे सीबीआइ के कैंप कार्यालय से निकले। उन्होंने पूछताछ की बाबत कुछ भी बताने से इन्कार करते हुए बस इतना कहा कि एजेंसी अपना काम कर रही है। उन्हें गुरुवार को पुन: बुलाया गया है।

error: Content is protected !!