पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा गुरुवार को इंटर विज्ञान का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। विज्ञान की परीक्षा में कुल 362049 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिसमें से 332650 ने सफलता हासिल की है। यानी 91.87 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
विज्ञान की परीक्षा में एक बार फिर छात्राओं का रिजल्ट छात्रों से बेहतर रहा। परीक्षा में जहां 91.45 प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल की वहीं 93.25 प्रतिशत छात्राएं सफल हुई हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष राजमणि प्रसाद ने रिजल्ट जारी करते हुए कहा कि इस वर्ष पिछले साल से बेहतर रिजल्ट हुआ है। पिछले साल 91.36 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की थी, जबकि इस वर्ष 91.87 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है।
वर्ष 2013 के इंटर विज्ञान की परीक्षा में टाप टेन में राज्य के 20 छात्र-छात्राओं को स्थान मिला है। सर गणेश दत्त मेमोरियल कालेज की छात्रा जूही को सूबे में सर्वोच्च स्थान मिला है। एस.एस.108 एमआरजेडीआइ कालेज बरौनी, बेगूसराय के रौशन कुमार को दूसरा स्थान मिला है। वीआर कालेज, किरातपुर, वैशाली की छात्रा वर्षा को तीसरा स्थान हासिल हुआ है। बीएम कालेज, मुंगेर के शेखर सुमन को भी इंटर की परीक्षा में तीसरा ही रैंक हासिल हुआ है। एमके कालेज, भूताही, समस्तीपुर के छात्र राहुल राज को चौथा स्थान मिला है। बीएसएसएन इंटर कालेज, देव, औरंगाबाद की छात्रा आस्था का पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है।
रिजल्ट एक नजर में
परीक्षा में कुल सम्मिलित परीक्षार्थियों की संख्या 362069
कुल सफल परीक्षार्थियों की संख्या 332650
पास प्रतिशत 91.87
प्रथम श्रेणी 185436, (51.22 प्रतिशत)
द्वितीय श्रेणी 143259, (39.57 प्रतिशत)
तृतीय श्रेणी 3386, (0.94 प्रतिशत)
कुल असफल परीक्षार्थी 26684, (7.37 प्रतिशत)