मुश्किल में फंसे हनी सिंह, अश्लील गाने को लेकर केस दर्ज

case-filed-against-honey-singh-for-vulgar-songs-नवांशहर। अपने अश्लील गीतों से चर्चा और विवादों में आए पंजाबी गायक हनी सिंह आखिरकार पुलिस के झमेले में फंस ही गए। पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट की हिदायतों पर पंजाब के जिला शहीद भगत सिंह के सिटी पुलिस स्टेशन में हनी सिंह के खिलाफ अश्लील गायकी को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

हनी सिंह की अश्लील गायकी को लेकर ह्यूंमन लीग आफ पंजाब (हेल्प) संस्था ने हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की थी। गत दिनों इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने हनी सिंह पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा था कि हनी सिंह का तो बहिष्कार होना चाहिए। इसके साथ ही न्यायालय ने पंजाब सरकार को हिदायत दी थी कि वह हनी सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करे।

हाई कोर्ट के निर्देशों पर पंजाब सरकार के गृह सचिव ने जिला शहीद भगत सिंह नगर के एसएसपी को हनी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने की हिदायत जारी की थी। इस हिदायत पर अमल करते हुए जिला शहीद भगत सिंह नगर के सिटी पुलिस स्टेशन में हेल्प के महासचिव परविंदर सिंह कित्तना की शिकायत पर हनी सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 294 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

एसपी (डी) सतपाल सिंह भंगू ने हनी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष रूप से जांच की जाएगी और हनी सिंह के खिलाफ जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

क्या है धारा 294: भारतीय दंड संहिता में सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील व अभद्र गीत गाने व गुनगुनाने पर धारा 294 का प्रावधान किया गया है। दोष सिद्ध होने पर इसके तहत तीन माह की सजा या अर्थदंड या दोनों हो सकते हैं।

error: Content is protected !!