लगातार दूसरी बार उप राष्ट्रपति बने हामिद अंसारी

हामिद अंसारी देश के 14वें उप राष्ट्रपति चुने गए हैं। उप राष्ट्रपति के तौर पर अंसारी की यह लगातार दूसरी पारी है। अंसारी डॉक्टर राधाकृष्णन के बाद पहले ऐसे उप राष्ट्रपति हैं जिन्हें लगातार दो बार यह जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला है। अंसारी ने चुनाव में राजग उम्मीदवार जसवंत सिंह को हराया। अंसारी को 490 वोट मिले। हालांकि उनके दूसरे कार्यकाल के लिए यूपीए को महज 396 वोट ही चाहिए थे। जसवंत सिंह को 238 वोट मिले।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, भाजपा संसदीय दल के नेता लालकृष्ण आडवाणी, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी समेत 600 से अधिक सांसदों ने मतदान किया। मतदान करने वालों में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल थे। मतदान में केवल लोकसभा और राज्यसभा के सांसद भाग लेते है। लोकसभा में 543 सदस्य हैं तो राज्यसभा में 245 सदस्य है।

error: Content is protected !!