वसुन्धरा के नेतृत्व में सरकार बनने को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व आश्वस्त

vनई दिल्ली। वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने को लेकर भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पूरी तरह से आश्वस्त है। नई दिल्ली के संसद मार्ग पर एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेशाध्यक्षों और केन्द्रीय चुनाव अभियान समिति की बैठक में रविवार को हुई चर्चा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरूण जेटली, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के सभी राष्ट्रीय नेताओं ने भाजपा की सुराज संकल्प यात्रा को मिले अपार जनसमर्थन को लेकर प्रसन्नता जाहिर की और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे को बधाई दी। भाजपा के सभी राष्ट्रीय नेताओं का मानना था कि राजस्थान में इस बार वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में भाजपा को 2003 के विधानसभा चुनाव से ज्यादा समर्थन मिलेगा। राष्ट्रीय नेतृत्व ने राजे के नेतृत्व में निकली सुराज संकल्प यात्रा को मॉडल मानकर अन्य प्रदेशों में भी इस प्रकार की यात्रा निकालने की सलाह दी।
राजस्थान सहित पांच प्रदेशों में होने वाले चुनाव पर हुई चर्चा में भी राजस्थान में श्रीमती राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनना तय माना गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजे ने इस बैठक में राजस्थान भाजपा की ओर से एक प्रजेंटेशन भी रखा। जिसमें सुराज संकल्प यात्रा, विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। राजे ने बताया कि सुराज संकल्प यात्रा को जनता का जबर्दस्त रेस्पोंस मिला। यात्रा के दौरान राजस्थान के सभी इलाकों में लोगों ने मूलभूत सुविधाओं को लेकर वर्तमान कांग्रेस सरकार के प्रति जबर्दस्त नाराजगी दिखाई। प्रदेश की जनता अपर्याप्त बिजली, दूषित और अपर्याप्त पेयजल, जर्जर सड़कें, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेअसर फ्लैगशिप योजनाएं, दूषित औद्योगिक वातावरण, बढ़ते अपराध, बढ़ते महिला अत्याचार, किसानों की आत्म हत्या और व्यापारियों की परेशानी जैसे हालातों से बेहद आहत नजर आई।
ये था सुराज संकल्प यात्रा का प्रजेंटेशन – प्रदेश में 4 अप्रेल को शुरू होकर 11 अगस्त को सम्पन्न हुई सुराज संकल्प यात्रा में 78 दिन लगे, 181 विधानसभा क्षेत्र कवर हुए, 186 विशाल जनसभाएं और 1950 स्वागत एवं अनौपचारिक सभाएं हुई। 14 हजार 255 किलोमीटर की इस यात्रा में आयोजित आमसभाओं में 20 लाख 89 हजार 625 और स्वागत कार्यक्रमों में 10 लाख 34 हजार 152 लोग उपस्थित हुए।
ये भी थे मौजूद – राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती किरण माहेश्वरी, भाजपा राजस्थान के प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, सह संगठन मंत्री श्योदान सिंह, वी सतीश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, डॉ. महेश शर्मा राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव एवं पूर्व राष्ट्रीय सचिव किरीट सोमैया।

error: Content is protected !!