उदयपुर। उदयपुर नगर माहेश्वरी सभा नें पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में पर्यावरण मित्रता संकल्प समारोह मनाया। सभा नें डॉ. के एल समदानी को पर्यावरण मित्र सम्मान देने का निर्णय किया । यह सम्मान महेश नवमी महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में दिया जाएगा। समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों को प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रति देवभाव रखनें एवं संसाधनों का उपयोग देव प्रसाद समझकर सम्मान एवं न्यास भाव से करने का संकल्प दिलवाया। मुख्य वक्ता नगर सभा के संरक्षक डॉ. सत्यानाराण माहेश्वरी नें कहा कि व्यापक सामाजिक चेतना, व्यक्तिगत सजगता एवं सामुहिक प्रयासों के प्रति सहकार की भावना पर्यावरण प्रबंधन के लिए आवश्यक है। हमारा धर्म प्रकृति को ईश्वर के समकक्ष मानता है। पेड़ो में देववास माना जाता है। इन संस्कारों को बलवत् बनाना होगा। अध्यक्ष भुवनेश बांगड़ नें कहा कि नगर सभा पर्यावरण प्रबंधन के लिए जन चेतना और वृक्षारोपण के कार्य हाथ में लेगी। सचिव राजेन्द्र नुवाल नें पर्यावरण प्रबंधन में अधिकतम योगदान देने का अनुरोध किया।