राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर बुधवार को निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम की घोषण कर दी। इसके साथ ही राजस्थान में आचार संहिता लागू हो गई है।
प्रदेश में 33 जिला परिष्ादों के लिए जिला प्रमुख और 9 हजार से ज्यादा पंचायतों के सरपंच के लिए चुनाव होने हैं। चुनाव में प्रदेश के दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त रामलुभाया ने बुधवार शाम चार बजे पंचायत चुनाव व मतगणना की तारीखों की घोष्ाणा कर दी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे।
उन्होने बताया कि पंचायत चुनाव डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं जैसलमेर में दो चरणों मे एवं शेष समस्त जिलों में चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 33 जिलों की 106 पंचायत समितियों मे, द्वितीय चरण में 112 पंचायत समिति तथा तृतीय चरण में 30 जिलों की 80 पंचायत समितियों में विभिन्न पदों के लिए चुनाव होंगे।
तीन चरण में चुनाव
प्रथम चरण में 2305 पंचायत समिति सदस्यों, 3562 सरपंचों तथा 39189 पंचों के चुनाव होंगे। द्वितीय चरण में 2167 पंचायत समिति सदस्यों, 3503 सरपंचों तथा 38,272 पंचों के चुनाव होेंगे तथा तृतीय चरण में 1786 पंचायत समिति सदस्यों, 2807 सरपंचों तथा 32,008 पंचों के चुनाव होगा।
नामांकन की तिथि
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव की अधिसूचना 3 जनवरी 2015 को जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र भरे जाएंगे। जिला परिषद सदस्यों के लिए नामांकन संबंधी प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर होगी।
नामांकन भरने की अंतिम तिथि 6 जनवरी होगी तथा 8 जनवरी को को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण मतदान 16 जनवरी, द्वितीय चरण 22 जनवरी तथा तृतीय चरण का मतदान 30 जनवरी को होगा। उन्होंने बताया कि मतगणना 5 फरवरी को जिला मुख्यालय पर होगी।