जोशी, पायलट, गिरिजा को मिलेगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

अगले साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेश से लौटने के बाद इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल,महासचिव जनार्दन द्विवेद्वी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा तैयार किए गए चुनाव प्लान के तहत केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री डॉ. सी.पी.जोशी, केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री सचिन पायलट एवं वरिष्ठ नेता डॉ.गिरिजा व्यास को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर चुनाव सम्पन्न होने तक राजस्थान में ही रहने के लिए कहा जाएगा। इनमें से किसी एक नेता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वैसे जाट वोट बैंक को खुश करने के लिए राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह, सांसद हरीश चौधरी के नाम भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भी चर्चा में है। दोनों ही मुख्यमंत्री के निकट माने जाते है।

दिल्ली में बैठे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मित्र कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह एवं मुकुल वासनिक इन दोनों नामों को आगे बढ़ा रहे है। हालांकि राहुल गांधी खेमा डॉ.सी.पी.जोशी एवं सचिन पायलट को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपना चाहते है, लेकिन यह दोनों ही नेता यह पद संभालने के इच्छुक नहीं है। दोनों ही नेता पीसीसी अध्यक्ष बनने के बजाय चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष बनकर काम करें।

सोनिया गांधी के निकट मानी जाने वाली डॉ. गिरिजा व्यास को भी प्रदेश के चुनाव अभियान में किसी कमेटी के माध्यम से जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के केन्द्रीय नेताओं ने इन तीनों ही नेताओं को राज्य विधानसभा चुनाव तक राजस्थान में काम सौंपने की योजना बना ली है, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वदेश वापसी के बाद निर्णय को लागू किया जाएगा। इधर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान के दिल्ली दौरे ने प्रदेश संगठन में नेतृत्व बदलाव की संभावनाएं तेज कर दी है।

माना जा रहा है कि केन्द्र में इस माह संगठन और सरकार में कुछ फेरबदल हो सकता है और इसके साथ ही प्रदेश में भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बदलाव की संभावनाएं है। ऐसे में चंद्रभान को दिल्ली बुलाकर बात करने को भी शुरुआती एक्सरसाइज माना जा रहा है।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी के बाड़मेर दौरे में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान को मंच पर भाषण देने का मौका नहीं मिल पाया था। वहीं बाढ़ प्रभावितों से मिलने आई सोनिया गांधी के कार्यक्रम के दौरान चन्द्रभान के वाहन का सुरक्षा पास भी नहीं बन सका था। इसके बाद से ही प्रदेश संगठन में राजनीतिक चर्चाएं बढ़ने लग गई थी।

सूत्रों का दावा है कि चंद्रभान को बदला जा सकता है और उनके स्थान पर किसी अन्य जाट या ब्राह्मण को कमान दी जाने की संभावना है। वैसे इस बात को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते कि पार्टी में सोश्यल इंजीनियरिंग का पूरा ध्यान रखे जाने पर जोर दिया जाएगा।

1 thought on “जोशी, पायलट, गिरिजा को मिलेगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी”

  1. चंद्रभान जी की कार्यशेली ढीली है राजनीती में फास्ट आदमी चाहिए होता बेबाक बोलने से ही केवल काम नहीं होता कुछ करके भी दिखाना होता है.

Comments are closed.

error: Content is protected !!