आदेशों की अनुपालना नहीं होने पर जिला कलक्टर ने जताई नाराजगी

bikaner samacharबीकानेर, 14 जून। जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की गत बैठकों में दिए गए निर्देशों की रीको द्वारा अनुपालना नहीं किए जाने पर जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त की। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने रीको के अधिकारियों को नोटिस देने तथा उच्चाधिकारी को इससे अवगत करवाने के निर्देश दिए।

कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने गत बैठकों के निर्णयों की समीक्षा की। इसके अनुसार रीको द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में अपशिष्ट डालने वाली इकाईयों का सर्वेक्षण कर उन्हें नोटिस जारी करने, करणी औद्योगिक क्षेत्र में सीईटीपी की स्थापना के लिए रीको मुख्यालय तथा पेयजल के लिए आईजीएनपी को जिला कलक्टर के माध्यम से पत्र भिजवाने, नोखा के बीकासर गांव में गंदे पानी की समस्या के संबंध में दोषी इकाईयों के विरूद्ध कार्रवाई करने तथा करणी व नोखा औद्योगिक क्षेत्र में खाली औद्योगिक इकाईयों का सर्वे करना था, लेकिन रीको द्वारा इन आदेशों के संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

जिला कलक्टर ने इसे गंभीरता से लिया तथा कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाने में किसी प्रकार की ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने रीको के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा कहा कि भविष्य में ऎसा होने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त जलापूर्ति के संबंध में उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र के लिए पूर्व में स्वीकृति के लिए भिजवाई गई 2.08 करोड़ की परियोजना का फॉलोअप किया जाए। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों एवं नालियों पर बने रैंप निर्माण के कार्य अतिशीघ्र प्रारम्भ करवाने के लिए रीको को निर्देशित किया।

जिला कलक्टर ने कहा कि नगर निगम द्वारा होटल एवं रेस्टोरेंट के लाइसेंस से संबंधित लंबित प्रकरणों का अतिशीघ्र निस्तारण किया जाए। बैठक में राजस्थान वित्त निगम, जेडीवीएनएल के पावर कनेक्शन के विचाराधीन मामले सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर. के. सेठिया ने बिंदुवार प्रगति के बारे में बताया। बैठक में जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी. पी. पचीसिया, राजस्थान उद्योग मंडल के अध्यक्ष सुभाष मित्तल, दाल मील एसोसिएशन के नरसिंह दास मीमाणी, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव कन्हैयालाल बोथरा, कन्हैया लाल लखाणी सहित विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

error: Content is protected !!