महंगाई के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

महंगाई, रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या सीमित करने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का गुस्सा फूटा, इधर राज्य कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में गिरफ्तारी दी। शारीरिक शिक्षकों ने भी डीईओ का घेराव किया।

राज्य कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी मांगों के समर्थन में कलेक्ट्रेट पर गिरफ्तारी दी। अखिल राजस्थान कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने 11 सूत्री मांगों के समर्थन में महावीर उद्यान से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली।

रैली में चल रहे कर्मचारी महासंघ के लाल रंग के बैनर हाथ में लिए हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगा रोष जाहिर कर रहे थे। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया ओर जेल भरो आंदोलन के तहत गिरफ्तार करने की मांग की। यहां पहले से तैनात उदयमंदिर पुलिस और आरएसी के जवानों ने पुलिस के ट्रक व बस में कर्मचारियों को बैठाया और दूर ले जाकर छोड़ दिया।

जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी शर्मा, रामनिवास, नरेंद्र चौहान, राजेंद्रसिंह, भरत सांखला, शंभूसिंह, हापूराम, महिला कर्मचारी कमला बाई सहित कई कर्मचारियों ने गिरफ्तारी दी। पुलिस ने की भारी तैयारी: कर्मचारियों के जेल भरो आंदोलन की घोषणा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के अंदर ढाल-लाठी थामे आरएसी के जवान तैनात किए थे।

भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

महंगाई, रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या सीमित करने व घोटालों के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्त्रवार को नई सड़क चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर रास्ते पर रखकर व मानव श्रंखला बनाकर रास्ता रोका। कलेक्ट्रेट के बाहर भाजपा महिला मोर्चा देहात की कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ता सुबह 11 बजे नई सड़क चौराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती हुई पहुंचीं।

प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. संगीता सोलंकी, प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता सेठ, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनुराधा चौहान, उपाध्यक्ष केलावती, मंत्री लक्ष्मी सिनवाड़िया, कांता राठी, लक्ष्मी व्यास, कमलेश गोयल, शहर मंडल अध्यक्ष मधुमति बोड़ा, महामंत्री गीता, मंत्री तारा भाटी, पार्षद गीता भाटी, सुनीता झामनानी आदि उपस्थित थीं।

error: Content is protected !!