बीकानेर, 18 अगस्त 2017. सम्पूर्ण राजस्थान के साथ ही बीकानेर में भी मंत्रालयिक कर्मचारियों का आंदोलन आज ग्यारहवें दिन भी निरन्तर जारी रहा। आज कलक्टर कार्यालय के समक्ष बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं कर्मचारी मैदान पहुंचे, जहां से एक रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए और अपनी मांगों की तख्तियां थामे कर्मचारियों ने कलक्टर कार्यालय परिसर की परिक्रमा की। रैली के बाद अविनाश व्यास, विजयसिंह राठौड़, नरेश आचार्य, भंवर पुरोहित, जयगोपाल जोशी, रमेश तिवाड़ी और महिला कर्मचारी गीतांजलि ने कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल के रूप में जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आज कर्मचारी मैदान पर आयोजित सभा को मंत्रालयिक कर्मचारियों के अलावा अन्य संवर्ग के कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया। जलदाय विभाग से कर्मचारी नेता जयगोपाल जोशी ने इस आंदोलन को अपने संवर्ग के कर्मचारियों की ओर से मंत्रालयिक कर्मचारी आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए सफलता की शुभकामनाएं व्यक्त की। एकीकृत महासंघ के जिलाध्यक्ष भंवर पुरोहित ने बताया कि कल से उनके अपने विभाग इगानप के अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी भी आंदोलन में शरीक हो रहे हैं। मुख्य लेखाधिकारी इगानप के कर्मचारी नेता और महासंघ लोकतांत्रिक के जिलाध्यक्ष राजकुमार व्यास ने अपने महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष को पत्र लिखकर मंत्रालयिक आंदोलन को समर्थन देने की अपील करते हुए अवगत कराया कि यदि महासंघ शीघ्र ही इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा नहीं करता है तो वे जिलाध्यक्ष पद से त्यागपत्र देते हुए अपने सभी साथियों सहित सोमवार से आंदोलन में शामिल हो जाएंगे।
आज स्वास्थ्य भवन के नंदकिशोर की अध्यक्षता में हुई सभा को शिक्षा विभाग की महिला कर्मचारी गीतांजलि, आरती और मंजू जैन के अलावा जलदाय विभाग के ओम कोटनिस, मनोहर आचार्य, स्वास्थ्य भवन के शेखरचंद कांडपाल और अमित, शिक्षा विभाग के बलभेश चांवरिया, मधुसूदन व्यास, मदनमोहन व्यास, अभिलेखागार के रमेश तिवाड़ी, पंचायत राज विभाग के अजीतसिंह, आदेश चौधरी, महिला बाल विकास के विजयशंकर आचार्य सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभा का संचालन राजेंद्र आचार्य ने किया, सभा के समापन पर जिलाध्यक्ष सुरेश व्यास ने बताया कि कल दिनांक 19 अगस्त को दोपहर 11.30 बजे कर्मचारी मैदान पर श्री मदनमोहन व्यास के नेतृत्व में सरकार के विवेक को जागृत करने हेतु कर्मचारियों द्वारा सद्बुद्धि यज्ञ किया जाएगा।
कुलदीप व्यास (प्रवक्ता)