किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध

मूंग व मुंगफली की समर्थन मूल्य खरीद के लिए आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रारम्भ
Aqua Y2 Pro_20171007_163031बीकानेर, 7 अक्टूबर 2017। सहकारिता एवं गौपालन मंत्री अजय सिंह किलक ने शनिवार को अनाज मंडी परिसर में बीकानेर कोलायत तहसील क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मूंग व मुंगफली की समर्थन मूल्य खरीद आॅनलाइन के रजिस्ट्रेशन का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मूंग और मुंगफली खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार द्वारा नया साॅफ्टवेयर बनाकर, पहली बार खरीद की आॅनलाइन प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। किसान, प्रदेश के ई-मित्र केन्द्रों एवं खरीद केन्द्रों पर आॅनलाइन आवेदन कर सकता है। आॅनलाइन आवेदन करते समय भामाशाह कार्ड, गिरदावरी तथा बैंक खाते की प्रति की आवश्यकता होगी। अब तक राज्य में 10 हजार से अधिक किसानों ने आॅनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर दिया है। उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान के पास भामाशाह कार्ड नहीं है, तो संबंधित ई-मित्र केन्द्र द्वारा भामाशाह नामांकन की प्रक्रिया कर दी जाएगी तथा आॅनलाइन आवेदन के लिए यह मान्य होगा।
किलक ने बताया कि यदि किसान इस प्रक्रिया में किसी अन्य बैंक अकाउंट का उपयोग करना चाहते हैं, तो उसके अकाउंट नंबर बता दें, जिससे उस खाते की सीडिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों पर आवक ज्यादा है, वहां केन्द्रांे की संख्या बढ़ा दी जाए। इसकी अनुपालना में बीकानेर के किसानों को ज्यादा दूरी पर आना-जाना नहीं पड़े, इसे ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक केन्द्र खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को सुनने तथा उनके निस्तारण के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए सीधे किसानों की बात सुनी जा रही है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक माल खरीदा जाए तथा उन्हें कम से कम असुविधा हो, इस दिशा में पूरी पारदर्शिता से कार्य किया जा रहा है। आॅनलाइन प्रक्रिया के सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा एक दिन में 25 क्विंटल से ज्यादा माल नहीं लिए जाने की सीमा तय की है। राज्य सरकार द्वारा इस सीमा को बढ़ाए जाने के लिए केन्द्र सरकार से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को किसानों का माल समय पर तुलवाने के लिए सर्वेयर के साथ कृषि पर्यवेक्षकों को नियुक्त करने के निर्देश दिए।
सहीराम दुसाद ने कहा कि मुंगफली एवं मूंग खरीद के लिए आॅनलाइन प्रक्रिया प्रारम्भ करने का सरकार का फैसला किसान हित में लिया गया फैसला है। उन्होंने कहा कि भामाशाह नामांकन से संबंधित किसानों की भ्रांतियां दूर की जा रही हैं। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को किसानों के लिए लाभदायक बताया। बीकानेर पंचायत समिति की प्रधान राधादेवी सियाग ने आगंतुकों का आभार जताया। इस अवसर पर डाॅ. सत्यप्रकाश आचार्य, मार्केटिंग चेयरमेन रामदेव मूंड, रेंवतराम सियाग, मोहनलाल गोरछिया, जगदीश पेड़िवाल, मोतीलाल सेठिया, रामधन कस्वां, जयकिशन अग्रवाल मंच पर मौजूद रहे।
समारोह में अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, उपखण्ड अधिकारी एनआर सैनी, सीसीबी के एमडी रणबीर सिंह, पीएलडीपी के सचिव साहब राम ताखर, उपरजिस्ट्रार सहकारिता नवरंग लाल बिश्नोई, रामकरण सिंह मलिंडा सहित किसान मौजूद थे।
बाद में शाम को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता रखी गई जिसमें किलक ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए किसान हित में किए जा रहे कार्य गिनाए।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!