डूंगर कॉलेज में संभाग स्तरीय एनएसएस कार्यशाला प्रारम्भ

DSC_0443बीकानेर, 24 अक्टूबर। डूंगर कॉलेज में मंगलवार को आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा के तत्त्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना की दो दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला आरंभ हुई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. विमला डुकवाल ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक अवसर का सफलतापूर्वक उपयोग करने की बात कहते हुए, उन्हें सपने साकार करने हेतु सकारात्मक कार्य करने का आह्वान किया। उन्हाेंने कहा कि देश की विभिन्न समस्याओं के निराकरण में युवाओं की महती भूमिका है। अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. बेला भनोत ने महाविद्यालय की चारों एनएसएस इकाईयों एवं कार्यक्रम अधिकारियों की कार्यकुशलता पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. भनोत ने बताया कि घर में सफाई होने से एक विशेष प्रकार की ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा की दिशा में युवाओं द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर चिन्ता व्यक्त की। प्राचार्य ने राजकीय एवं निजी महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारियों को, युवाओं को स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि नगर निगम उपायुक्त राष्ट्रदीप यादव ने नगर निगम की सफाई संबंधी विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रत्येक घर में शौचालय बनाने व शौचालय का प्रयोग करने में आम नागरिकों को जागरूक करने के लिये स्वयं सेवकों की विशेष भूमिका पर बल दिया। उपाचार्य डॉ. सतीश कौशिक ने विद्यार्थियों को स्वच्छता मिशन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम प्रभारी डॉ. देवेश सहारण ने बताया कि “स्वच्छता मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में हमारी भूमिका“ एवं “सड़क सुरक्षा एवं युवा” विषयक इस कार्यशाला में बीकानेर संभाग के गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ एवं चूरू जिलों के विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना के लगभग 133 कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। सहारण ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना का सफल संचालन एवं विभिन्न विषयों को स्वयं सेवकों में संप्रेषित करने हेतु कार्यक्रम अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान करना है। कार्यक्रम अधिकारी बलराम सांई ने आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में डॉ. गौरव बिस्सा ने स्वअनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास पर व्याख्यान दिया। द्वितीय सत्र में डॉ. शिशिर शर्मा ने नेतृत्व कर्ता के रूप में कार्यक्रम अधिकारी की भूमिका विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों ने मां सरस्वती के आगे दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया। राष्ट्रीय सेवा योजना गीत प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रवि परिहार, डॉ. बलराम सांई, डॉ. देवाराम, मीडिया प्रभारी डॉ. राजेन्द्र पुरोहित, डॉ. मीना रानी, डॉ. बी.एल.शर्मा, डॉ. नवदीप सिंह, डॉ. अनिला पुरोहित, डॉ. जी.पी.सिंह, डॉ. राजनारायण व्यास सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित थे।

——–

लाईट््स सॉफ््टवेयर प्रगति समीक्षा बैठक 30 अक्टूबर को

बीकानेर, 24 अक्टूबर। लाईट््स सॉफ््टवेयर में इन्द्राज, अपडेशन कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक 30 अक्टूबर को दोपहर 12.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी वरिष्ठ विधि अधिकारी विमला रामावत ने दी।

error: Content is protected !!